छत्तीसगढ़रायपुर

“छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की “लोगो” डिजाइन प्रतियोगिता को मिला अभूतपूर्व प्रतिसाद लगभग 2700 व्यक्तियों द्वारा भेजे गए 3000 से अधिक “लोगो” डिजाइन”

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा आयोजित लोगो डिजाइन प्रतियोगिता को प्रदेश सहित देशभर से अभूतपूर्व प्रतिसाद प्राप्त हुआ है। प्रतियोगिता के तहत निर्धारित अंतिम तिथि 20 मई 2026 तक 2700 व्यक्तियों द्वारा ई-मेल के माध्यम से 3000 से अधिक “लोगो” डिजाइन भेजी गईं।
गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का नाम परिवर्तित कर “छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल” किया गया है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ. पी चौधरी द्वारा विधानसभा में विधेयक प्रस्तुत किए जाने के पश्चात् विधानसभा द्वारा पारित होने एवं माननीय राज्यपाल की अनुमति के बाद 24 अप्रैल 2026 को राजपत्र में इसका प्रकाशन किया गया।
बोर्ड के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने बताया कि नाम परिवर्तन के साथ बोर्ड के कार्यक्षेत्र का भी विस्तार किया गया है। अब बोर्ड केवल आवास निर्माण तक सीमित न रहकर सड़क, पुल एवं अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों का भी निष्पादन करेगा। साथ ही बोर्ड को राज्य के बाहर भी अधोसंरचना परियोजनाओं में कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे इसकी कार्यक्षमता एवं आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।
इसी क्रम में 12 मई 2026 को आयोजित समय-सीमा बैठक में आयुक्त अवनीश कुमार शरण (भ.प्र.से) द्वारा बोर्ड के नए स्वरूप एवं विस्तारित कार्यक्षेत्र को प्रतिबिंबित करने हेतु नया “लोगो” डिजाइन करने के लिए आमजन, कलाकारों एवं संस्थाओं को प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों से नए नाम एवं उसके कॉन्सेप्ट के अनुरूप “लोगो” डिजाइन आमंत्रित किए गए थे। प्रतिभागियों को अपने डिजाइन कॉन्सेप्ट सहित CDR, PDF, PNG अथवा JPEG फॉर्मेट में प्रविष्टियां ई-मेल के माध्यम से भेजने का अवसर दिया गया था।
मण्डल द्वारा इस प्रतियोगिता में चयनित “लोगो” के रचनाकार को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। प्राप्त प्रविष्टियों की स्क्रूटनी एवं चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। चयन हेतु मंडल द्वारा 05 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा प्राप्त “लोगो” का तकनीकी परीक्षण करने के पश्चात चयन हेतु अनुशंसा करेगी। चयन होने के बाद मंडल का नया “लोगो” शीघ्र ही प्रदर्शित किया जाएगा, साथ ही उसके रचनाकार को 2.50 लाख रुपयें का पुरुस्कार प्रदान किया जावेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts