- महाविद्यालय के प्रथम बैच के तीन विद्यार्थियों सहित पूर्व अधिष्ठाताओं एवं पूर्व छात्रों का किया जाएगा सम्मान
- वार्षिक समारोह और छात्र संघ शपथ ग्रहण भी आयोजित होगा
रायपुर (विश्व परिवार)। कृषि महाविद्यालय रायपुर के लिए कल का दिन ऐतिहासिक तथा अविस्मरणीय होगा जब यहां इतिहास, वर्तमान एवं भविष्य एक साथ मिलेंगे। कृषि महाविद्यालय, रायपुर कल 22 मई को महाविद्यालय का 66वां स्थापना दिवस मना रहा है। महाविद्यालय के 66वें स्थापना दिवस को भव्य एवं वृहद रूप से मनाने के लिए इस अवसर पर वार्षिक समारोह, छात्र संघ शपथ ग्रहण, पूर्व अधिष्ठाता सम्मान तथा पूर्व छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत महाविद्यालय के प्रथम बैच के तीन विद्यार्थियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के खास मुकाम हासिल करने वाले भूतपूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही महाविद्यालय के सात पूर्व अधिष्ठाताओं और इसी महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति, कुलसचिव तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का भी सम्मान किया जाएगा। सम्मान समारोह के पश्चात आयोजित वार्षिक समारोह में कृषि महाविद्यालय, रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी, जो महाविद्यालय की प्रतिभा, सृजनशीलता और सांस्कृतिक समृद्धि को रूपांकित करेंगी।







