छत्तीसगढ़रायपुर

सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे विधायक पुरंदर मिश्रा, एक माह में सभी आवेदनों के निराकरण का दावा

रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 2 के अंतर्गत वीरांगना अवंति बाई लोधी वार्ड क्रमांक 6, राजीव गांधी वार्ड क्रमांक 13, रमण मंदिर वार्ड क्रमांक 14, दानवीर भामाशाह वार्ड क्रमांक 26, इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 27, शहीद हेमू कालाणी वार्ड क्रमांक 28 और हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड क्रमांक 35 के लिए सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर जोन क्रमांक 2 क्षेत्र अंतर्गत शहीद स्मारक भवन जीई मार्ग में लगाया गया।

सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर की प्रशासनिक व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने नगर पालिक निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौड़, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, नगर निगम राजस्व विभाग अध्यक्ष अवतार भारती बागल, छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद के संचालक सदस्य चन्द्रेश शाह, दानवीर भामाशाह वार्ड पार्षद रामहिन कुर्रे, पूर्व पार्षद डॉ. प्रमोद साहू, मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र गड़रेचा, जंघेल, चौधरी, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नन्द कुमार चौबे, नगर निगम रायपुर के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, विनोद पाण्डेय, जोन 2 जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता पी. डी. धृतलहरे सहित विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजनों की उपस्थिति में किया।

रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने भीषण गर्मी के बीच विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आमजनों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

पुरंदर मिश्रा ने कहा कि जोन 2 के सुशासन तिहार में प्राप्त सभी 198 आवेदनों, 180 मांगों और 18 शिकायतों का एक माह की तय समयसीमा में शत-प्रतिशत निराकरण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित में ईंधन बचाने की अपील भी की।

उन्होंने बताया कि रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के छह वार्डों में लगभग 2 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, नाली, पुलिया निर्माण, सामुदायिक भवन और पाइपलाइन विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्य जल्द पूरे करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विष्णु देव साय सरकार लगातार जनहित में कार्य कर रही है और सुशासन तिहार के माध्यम से आमजनों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि सुशासन तिहार शिविर के माध्यम से सभी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 198 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 180 मांगें और 18 शिकायतें शामिल हैं। सभी आवेदनों का एक माह के भीतर निराकरण कर संबंधित आवेदकों को लिखित जानकारी दी जाएगी।

शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत मोर जमीन मोर मकान योजना के तहत 16 पात्र हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र वितरित किए गए। वहीं पात्र हितग्राहियों को तत्काल राशन कार्ड भी प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा श्रवण बाधित नागरिक नारायण सोनी को मौके पर श्रवण यंत्र दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने दो नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया। स्वास्थ्य शिविर में 108 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण और 21 लोगों का नेत्र परीक्षण कर आवश्यकतानुसार चश्मे वितरित किए गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts