छत्तीसगढ़

महानदी तटबंध निर्माण में नाबालिग मजदूर की मौत, ठेकेदार पर उठे सवाल

अभनपुर (विश्व परिवार)। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलियारी और पारागांव के बीच महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण कार्य में एक 16 वर्षीय मजदूर किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान हर्ष साहू के रूप में हुई है, जो धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुरसेंगा का निवासी था।
पुलिस मर्ग डायरी के अनुसार आज सुबह निर्माण कार्य के दौरान हर्ष साहू की अचानक तबीयत बिगड़ गई। काम करते समय उसे चक्कर आया और वह मौके पर ही गिर पड़ा। साथी मजदूर तत्काल उसे इलाज के लिए कुरूद अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोबरा नवापारा रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे निर्माण कार्य में आखिर एक नाबालिग मजदूर कैसे काम कर रहा था। भीषण गर्मी के बीच मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम भी नहीं किए गए थे। निर्माण स्थल पर न तो प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था थी और न ही स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा किट या अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध थीं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा काम को जल्द पूरा करने के दबाव में मजदूरों की सुरक्षा को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा था। मजदूरों को कठिन परिस्थितियों में लगातार काम कराया जा रहा था। मौके पर हेलमेट, पीने के पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी व्यवस्था होती तो संभवतः किशोर मजदूर की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद क्षेत्र में ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts