छत्तीसगढ़रायपुर

सुशासन तिहार 2026 : जन समस्या निवारण शिविर में गूंजा नशा मुक्ति का संकल्प

  • समाज कल्याण विभाग ने दिलाई नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ, ग्रामीणों ने स्वस्थ समाज निर्माण का लिया प्रण

रायपुर (विश्व परिवार)। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिला सरगुजा के जनपद पंचायत लुण्ड्रा की ग्राम पंचायत बिल्हमा में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता का सशक्त मंच बनकर सामने आया। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

समाज कल्याण विभाग सरगुजा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने शराब, तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक वातावरण और युवा पीढ़ी के भविष्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और अपने गांव को आदर्श नशामुक्त ग्राम बनाने में सहयोग करें।

शिविर के दौरान लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि शासन द्वारा नशा पीड़ित व्यक्तियों के उपचार और पुनर्वास के लिए विभिन्न सहायता सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम गांवों में सामाजिक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं युवा उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts