रायपुर

छत्तीसगढ़ सिख समाज का ऐतिहासिक आयोजन, मुख्यमंत्री समेत कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

रायपुर (विश्व परिवार)। श्री गुरु अर्जन देव जी के 420 वें शहीदी वर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा विशाल छबील अर्थात शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन 30 मई 2026 को किया जा रहा है जो पूरे प्रदेश में सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा।
इस कार्यक्रम के माध्यम से श्री गुरु अर्जन देव जी के धर्म ना छोड़ने के लिए त्याग और बलिदान को श्रद्धांजलि दी जाएगी, साथ ही उनके जीवन के प्रेरणादायक क्षणों और शिक्षाओं से संबंधित उनकी जीवनी से संबंधित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है, ताकि आज के बच्चों, युवाओं और जनसामान्य को उनके बलिदान से अवगत करवाकर उन्हें धर्म के प्रति जागरूक किया जाय |
श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर आयोजित विशाल छबील में छत्तीसगढ़ के सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, समाजसेवी संस्थाओं, संगठनों और एसोसिएशनों के पदाधिकारी और समाज के सभी वर्गों की महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों की भागीदारी रहेगी, सभी श्री गुरु अर्जन देव जी की शहीदी पर शरबत वितरण सेवा में भाग लेंगे और गुरू अर्जन देव जी की शहादत को नमन करेंगे |
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी सहित सभी मंत्री, जनप्रतिनिधि शामिल होकर श्री गुरु अर्जन देव जी की जीवनी पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनके जीवन चरित्र के बारे में जानेंगे तथा अपने हाथों से शरबत वितरित कर सेवा का पुण्य प्राप्त करेंगे |
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा सहित समाज के सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के अध्यक्ष सचिव ने संगत से अपील की है कि वे इस विशाल छबील में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें तथा अपने बच्चों को श्री गुरु अर्जन देव जी के जीवन इतिहास से संबंधित प्रदर्शनी दिखाकर उन्हें गुरुओं के त्याग बलिदान के बारे में अवगत कराएं |
श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी वर्ष पर समाज सेवा के इस अद्वितीय कार्य में भाग लें और अपना जीवन सफल करें|
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा एवं सभी सदस्यों ने इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर समर्पण और उत्साह के साथ सभी नागरिकों से इस पुण्य कार्य में भाग लेने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा,समाज के अन्य प्रमुख सदस्यों नरेंद्र सिंह हरगोत्रा, स्वर्ण सिंह चावला, कुलवंत सिंह खालसा, मनजीत सिंह भाटिया, स्वर्णपाल सिंह चावला, जागीर सिंह बावा, देवेंद्र सिंह चावला, रोमी चड्ढा, रणजीत सिंह खनूजा, अमृत सिंह सूर, जसप्रीत सिंह चावला, इंदर पाल सिंह गांधी, गुरमीत सिंह छाबड़ा, मानवेंद्र सिंह डडियाला, गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा जी साहिब गुरुद्वारा के प्रधान हरकिशन सिंह राजपूत एवं अत्तर सिंह ने बताया कि 30 मई 1606 के दिन जहांगीर द्वारा गर्म तवे पर बैठाकर ऊपर से गर्म रेत डालकर श्री गुरु अर्जन देव जी को प्रताड़ना दी गई थी परंतु उन्होंने इस्लाम धर्म को स्वीकार नहीं किया और प्राण त्याग दिए | इसी कारण इस दिन सिक्ख समाज द्वारा पूरे दुनिया में ठंडा मीठा शरबत वितरण कर उन्हें नमन करता है|
इस छबील अर्थात मीठे जल वितरण का उद्देश्य श्री गुरु अर्जन देव जी के बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करना और धार्मिक और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts