रायपुर (विश्व परिवार)। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी द्वारा आज रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक-2 के आयुक्त महोदय को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन के माध्यम से वार्ड क्रमांक 26 (तुलसी नगर) के नागरिकों की लंबे समय से लंबित गंभीर और बुनियादी समस्याओं के त्वरित निराकरण की पुरजोर मांग की गई है।
पार्टी के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि तुलसी नगर के रहवासी पानी और साफ-सफाई की घोर अव्यवस्था से बुरी तरह त्रस्त हैं। स्थानीय पार्षद को कई बार अवगत कराने के बावजूद जब कोई ठोस सुनवाई नहीं हुई, तो थके-हारे वार्डवासियों ने जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। पार्टी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के समक्ष मुख्य रूप से तीन प्रमुख समस्याओं को रखा है:
(1) वार्ड में पानी की सप्लाई करने वाली पाइपलाइन अत्यंत पुरानी और पतली हो चुकी है। पानी का प्रेशर बिल्कुल न होने के कारण अंतिम छोर पर स्थित घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पाता है। क्षेत्र के नागरिकों को पर्याप्त पानी मिल सके, इसके लिए मुख्य लाइन से जोड़ते हुए एक बड़ी और मोटी पाइपलाइन बिछाना अत्यंत आवश्यक है।
(2) पिछले कुछ दिनों से नलों में अत्यधिक गंदा, बदबूदार और मटमैला पानी आ रहा है। कई स्थानों पर पाइपलाइन लीक होने के कारण नाली का गंदा और प्रदूषित पानी सीधे पीने के पानी में मिल रहा है। इससे वार्ड में पीलिया, डायरिया और अन्य गंभीर जलजनित महामारियां फैलने का बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
(3) वार्ड की नालियों की दैनिक सफाई पूरी तरह से बंद है। कचरा और कीचड़ जमा होने से नालियां पूरी तरह चोक हो चुकी हैं, जिसके कारण नालियों का गंदा पानी सड़कों के ऊपर बह रहा है। गंदगी की वजह से मच्छरों का प्रकोप चरम पर है और चारों तरफ दुर्गंध फैली हुई है, जिससे स्थानीय नागरिकों का जीना दूभर हो चुका है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की जिला अध्यक्ष लक्ष्मी नाग ने निगम प्रशासन से मांग की है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तुरंत नई पाइपलाइन की मंजूरी दी जाए, स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा नालियों की नियमित सफाई के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए जाएं।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी रायपुर जिला उपाध्यक्ष ऋचा वर्मा ने कहा है कि प्रशासन द्वारा इस दिशा में तुरंत कदम नहीं उठाए गए, तो जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी जनता के साथ मिलकर एक उग्र जन-आंदोलन करने पर विवश होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।







