छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ बायपास पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर, ट्रक और दो बाइक को मारी टक्कर; 3 घायल

रायगढ़ (विश्व परिवार)। शहर के नेशनल हाईवे बायपास रोड स्थित महाना फैब्रिकेशन के पास आज सुबह करीब 9:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क पर कहर बरपा दिया। अनियंत्रित ट्रैक्टर ने पहले एक ट्रक को पीछे से टक्कर मारी, फिर दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें एक के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि दो युवकों के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के अनुसार ट्रैक्टर तेज गति से बायपास मार्ग पर दौड़ रहा था। इसी दौरान उसने सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर सड़क पर अनियंत्रित होकर दौड़ने लगा। इसी दौरान सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर के बगल से ओडिशा रोड की ओर जा रही दूसरी मोटरसाइकिल उसकी चपेट में आ गईं। इसके बाद ट्रैक्टर डिवाइडर से टकराकर रुका।
हादसे में अमरनाथ साहू के सिर में गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों ने उनके सिर पर सात टांके लगाए हैं। वहीं चंद्रशेखर सिदार और पूरन के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। घायलों की उम्र 22 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चंद्रशेखर सिदार को बेहतर इलाज के लिए एक ऑर्थो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। जबकि अमरनाथ साहू और पूरन उपचार के बाद अपने घर लौट गए।
दिनदहाड़े हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर शहर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रारंभिक जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना का मुख्य कारण ट्रैक्टर चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts