बिलासपुर (विश्व परिवार)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुशासन तिहार के तहत बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम करीब 4 बजे हेलीकॉप्टर से बिलासपुर पहुंचेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री हेमूनगर स्थित बंधवा तालाब के पास ईशिका पार्क में आयोजित सुशासन शिविर में भाग लेंगे। इस दौरान वे आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे। साथ ही कई विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
विकास एवं निर्माण कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के बाद मुख्यमंत्री दयालबंद मधुबन पहुंचकर प्रस्तावित एजुकेशन हब निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। वहीं कलेक्टोरेट के मंथन सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी लेंगे।
बैठक में बिलासपुर समेत पांच जिलों के अधिकारियों के साथ सुशासन तिहार के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री जनहित योजनाओं की जमीनी स्थिति का फीडबैक लेने के साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।







