छत्तीसगढ़रायपुर

‘प्रकृति बचाना हम सबकी जिम्मेदारी’, विश्व पर्यावरण दिवस पर DRM दयानंद का संदेश

रायपुर (विश्व परिवार)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस को विश्व पर्यावरण अभियान के रूप में दिनांक 15 में 2026 से 5 जून 2026 तक मनाया गया जिसमें पर्यावरण संरक्षण के विषयों पर यात्रियों रेलवे से जुड़े संस्थानों को जान जागरूक किया गया।
आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ विश्व पर्यावरण अभियान 15 मई से 5 जून 2026 का समापन समारोह का आयोजन किया गया।इस अभियान का विषय “जलवायु परिवर्तन (Climate Change)” रहा है, जो वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक चुनौतियों में से एक है। इस दौरान रायपुर मंडल द्वारा वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा विभिन्न पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों ने न केवल रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों के बीच पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई है, बल्कि प्रकृति के संरक्षण हेतु हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ किया है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने रेल परिवार को संबोधित करते हुए कहा कि आज सम्पूर्ण विश्व जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों का सामना कर रहा है। बढ़ता वैश्विक तापमान, अनियमित वर्षा, प्राकृतिक संसाधनों का क्षरण तथा प्रदूषण का बढ़ता स्तर हमें यह संकेत देता है कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हमारी अनिवार्य जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। भारतीय रेल सदैव पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति प्रतिवद्ध रही है। ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक उन्मूलन, हरित ऊर्जा के उपयोग तथा वृक्षारोपण जैसे अनेक प्रयासों के माध्यम से भारतीय रेल देश के हरित भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। रायपुर मंडल भी इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। स्टेशन परिसरों की स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट के उचित निस्तारण, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा हरित क्षेत्र के विस्तार हेतु अनेक पहलें की जा रही हैं। ये प्रयास न केवल रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बना रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय लक्ष्य को भी सशक्त कर रहे हैं।
मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने पर्यावरण दिवस अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले कर्मचारियों, स्काउट एवं गाइड सदस्यों तथा अन्य सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (समन्वय) समर कर सहित रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन सहायक मंडल यांत्रिक अभियंता रायपुर के द्वारा दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts