छत्तीसगढ़रायपुर

विश्व पर्यावरण दिवस पर कृषि महाविद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता और जागरूकता रैली का आयोजन

रायपुर (विश्व परिवार)। कृषि महाविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु पोस्टर प्रतियोगिता एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वप्रथम पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता जैसे विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर प्रस्तुत किए। कृषि महाविद्यालय, रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों का अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मकता एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण हेतु ठोस कदम उठाने तथा समाज में पर्यावरणीय चेतना फैलाने के लिए प्रेरित किया।
तत्पश्चात अधिष्ठाता महोदया के नेतृत्व में जागरूकता रैली का शुभारंभ कृषि महाविद्यालय प्रांगण से किया गया। रैली इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर से होते हुए नेहरू पुस्तकालय के समक्ष जाकर संपन्न हुई। रैली के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, वृक्ष लगाओ तथा स्वच्छता अपनाओ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts