दुर्ग (विश्व परिवार)। जिले के कोड़िया धान खरीदी केंद्र में आज अचानक भीषण आग लग गई। इस आगजनी की घटना से लगभग 300 बोरा धान जलकर खाक हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना दमकल विभाग दुर्ग को दी, जिसके बाद अग्निशमन की टीम ने कोड़िया पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन भीषण गर्मी के चलते आग ने धान के बड़े हिस्से को चपेट में ले लिया, जिससे बड़ा नुकसान हुआ है।
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को नुकसान का अनुमान और आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए। वहीं इस आग से लगभग 300 क्विंटल धान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
अग्निशमन विभाग के नागेंद्र सिंह ने बताया कि आगजनी की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि उसे नियंत्रित करने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कोशिश और 5 गाड़ी पानी की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।







