छत्तीसगढ़रायपुर

टीएल बैठक में निगम आयुक्त सख्त, बड़े बकायादारों और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई के निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने रायपुर नगर पालिक निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में साप्ताहिक टीएल समयसीमा की बैठक लेकर विभिन्न विषयों पर कार्यों की समीक्षा कर संबंधित निगम अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

साप्ताहिक टीएल समयसीमा की बैठक में नगर निगम अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, प्रदीप यादव, जोन कमिश्नरों, उपायुक्तों, कार्यपालन अभियंताओं तथा सहायक अभियंताओं की उपस्थिति रही।

आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी जोन कमिश्नरों को नगर निगम रायपुर के सभी बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर उनसे संपूर्ण बकाया राजस्व वसूलने के लिए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने सभी 10 जोनों को मिलाकर प्रतिदिन एक करोड़ रुपये का राजस्व वसूलने का लक्ष्य पुनः निर्धारित करते हुए इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

आयुक्त संबित मिश्रा ने 30 जून 2026 तक वर्ष 2026-27 का संपत्तिकर पूर्ण रूप से जमा करने वाले करदाताओं को नियमानुसार 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ देते हुए अधिकाधिक राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सभी अवैध नल कनेक्शनधारकों को जल विभाग और राजस्व विभाग के साथ मिलकर सूचना देने, उन्हें 15 दिनों के भीतर अपने कनेक्शन नियमित कराने का अवसर देने तथा निर्धारित अवधि के बाद भी नियमितीकरण नहीं होने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कार्यपालन अभियंता जल नर सिंह फरेन्द्र को किसी एक वार्ड या मोहल्ले में घरेलू नल कनेक्शनों की मीटर रीडिंग कराकर उसकी सैंपल रेंडम रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि समीक्षा के बाद अन्य वार्डों में भी इस व्यवस्था को लागू करने पर नीतिगत निर्णय लिया जा सके।

आयुक्त ने सभी अवैध निर्माणों पर नियमानुसार नोटिस जारी कर कार्रवाई करने तथा राजीनामा योग्य मामलों पर अगले 15 दिनों के भीतर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए। साथ ही सीएंडडी वेस्ट मिलने, निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट नहीं लगाने और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में ई-जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी विकास एवं निर्माण कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली शीघ्र लागू करने तथा राज्य शासन के निर्देशानुसार नगर निगम के सभी कार्य ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संचालित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts