भिलाई

बरसात से पहले निगम की सख्ती, सड़कों से हटाए जा रहे अवैध बैनर-पोस्टर, दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक

भिलाईनगर (विश्व परिवार)। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर की सड़कों और प्रमुख मार्गों पर लगे अवैध बैनर-पोस्टरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विभिन्न जोन क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए राजनैतिक, सामाजिक एवं निजी संस्थाओं द्वारा लगाए गए अवैध विज्ञापन बैनर-पोस्टरों को हटाकर जप्त किया जा रहा है।
आयुक्त के अनुसार मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और विद्युत पोलों पर बड़ी संख्या में बिना अनुमति लगाए गए बैनर-पोस्टर बरसात के दौरान उखड़कर सड़क पर गिर सकते हैं, जिससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा विशेष अभियान चलाकर ऐसे सभी अवैध प्रचार-प्रसार सामग्री को हटाया जा रहा है। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर की सुंदरता और यातायात सुरक्षा को प्रभावित करने वाले अवैध बैनर-पोस्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों, पोलों और अन्य शासकीय संपत्तियों पर विज्ञापन सामग्री लगाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। निगम की इस पहल से न केवल शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी, बल्कि बरसात के दौरान संभावित सड़क हादसों और अव्यवस्था पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। अभियान के दौरान हटाए गए बैनर-पोस्टरों को निगम द्वारा जप्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts