जयपुर

ऑस्ट्रेलिया की संसद में गूंजा भारतीय प्रतिभाओं का गौरव

  • भारत गौरव अवार्ड का 13वां संस्करण पार्लियामेंट ऑफ विक्टोरिया में 18 देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में 25 वैश्विक भारतीय विभूतियों का सम्मान
  • जैन समाज के समाजसेवी स्व. निर्मल कुमार जैन सेठी सम्मानित

जयपुर (विश्व परिवार) । भारतीय संस्कृति, मूल्यों और वैश्विक उत्कृष्टता का उत्सव बन चुके भारत गौरव अवार्ड का 13वां संस्करण 10 जून 2026 को ऑस्ट्रेलिया की ऐतिहासिक पार्लियामेंट ऑफ विक्टोरिया, मेलबर्न में आयोजित किया गया । संस्कृति युवा संस्था द्वारा आयोजित यह भव्य समारोह विश्वभर में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा, प्रवासी भारतीयों की उपलब्धियों तथा भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रभाव का साक्षी बना ।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भारत गौरव अवार्ड का आयोजन ब्रिटिश संसद (लंदन), फ्रांस की सीनेट, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय (न्यूयॉर्क) तथा दुबई जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सफलतापूर्वक किया जा चुका है। इस वर्ष भी विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाली 25 विशिष्ट प्रतिभाओं को भारत गौरव अलंकरण से सम्मानित किया गया ।
संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने बताया कि भारत गौरव अवार्ड विश्वभर में भारतीयों के लिए सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मानों में से एक माना जाता है। यह सम्मान उन व्यक्तित्वों को समर्पित है जिन्होंने व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कला, संस्कृति, अध्यात्म, जनसेवा, उद्यमिता और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान को सशक्त बनाया है ।
इस वर्ष सम्मानित होने वाली प्रमुख विभूतियों में महाराष्ट्र की प्रथम महिला श्रीमती अमृता फडणवीस, पद्मश्री से सम्मानित आचार्य स्वामी ब्रह्मेशानंद, ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल की प्रथम सांसद कौशल्या वाघेला, उद्योगपति सनवर हर्षवाल, पद्मश्री सम्मानित शास्त्रीय गायिका डॉ. सोमा घोष, पद्मविभूषण एवं पद्मभूषण से सम्मानित दिवंगत विज्ञापन विशेषज्ञ पीयूष पांडे, आध्यात्मिक गुरु करेली शंकरदास जी महाराज, न्यूजीलैंड के सामुदायिक नेता नरेन्द्र भाना, दिल्ली पब्लिक स्कूल के चेयरमैन विवेक यादव, ऑस्ट्रेलिया में भारतीय आयुर्वेद एवं वेलनेस विशेषज्ञ रीठा सगरानी, अमेरिका के प्रसिद्ध शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक जैन, मुंबई की पर्यावरणविद् सहर भामला, तमिलनाडु के उद्योगपति डॉ. जी. शनमुगा राजा, शिक्षाविद् प्रो. डॉ. निर्मला एस. मौर्य, अमेरिकी उद्योगपति रणधीर ठाकुर, प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज के ग्लोबल सचिव राजयोगी बी.के. सूर्या भाईजी, प्रसिद्ध योगाचार्य ढाकाराम, ऑस्ट्रेलिया में मल्टीकल्चरल क्रिकेट एम्बेसडर संजय शर्मा, अमेरिका के आध्यात्मिक गुरु स्वामी अद्वितानंद गिरी, भारत- ऑस्ट्रेलिया रणनीतिक गठबंधन की सह-अध्यक्ष डॉ. रतन विर्क, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के पूर्व चेयरमैन डॉ. सेतुरत्नम रवि, जैन समाज के समाजसेवी स्व. निर्मल कुमार जैन सेठी, विरासत संरक्षण विशेषज्ञ राम सवानी, ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के प्रथम मेयर प्रदीप तिवारी तथा उद्योगपति प्रवीण शर्मा शामिल रहे ।
समारोह में सम्मानित विभूतियों को भारत गौरव अलंकरण, प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया ।
पं. सुरेश मिश्रा ने कहा कि भारत गौरव अवार्ड केवल सम्मान प्रदान करने का मंच नहीं, बल्कि विश्वभर में भारतीय प्रतिभा, सेवा, नेतृत्व और नवाचार को सम्मानित करने का एक वैश्विक अभियान है। यह उन प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को नमन करने का अवसर है जिन्होंने अपने कार्यों से भारत का गौरव विश्व पटल पर बढ़ाया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हैं।
उन्होंने बताया कि इस समारोह में भारत सहित 18 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिनमें ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, सिंगापुर, मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, इटली, स्विट्जरलैंड, स्पेन, पोलैंड, थाईलैंड और हांगकांग सहित विभिन्न देशों के भारतीय समुदाय के प्रमुख सदस्य शामिल हुए । यह आयोजन वैश्विक भारतीय समुदाय को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक सहयोग, नेतृत्व, नवाचार और भारत के भविष्य में प्रवासी भारतीयों की भूमिका पर सार्थक संवाद का अवसर प्रदान करता है ।
कार्यक्रम संयोजक सुनील खेतपालिया ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथियों में महंत डॉ. नरेशपुरी जी महाराज (अध्यक्ष, श्री मेहंदीपुर बालाजी धाम), स्टीव डिमोपोलोस (पर्यावरण मंत्री, विक्टोरिया सरकार), विवियन (विव) गुयेन एएम (अध्यक्ष, विक्टोरियन मल्टीकल्चरल कमीशन), हेर सोर ठाक (सांसद, विक्टोरिया) तथा राकेश के. शुक्ला (मुख्य सलाहकार, महाकुंभ) शामिल रहे ।
इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विश्वभर से आए भारतीय समुदाय एवं सम्मानित प्रतिभाओं को संबोधित किया ।
भारत गौरव अवार्ड 2026 भारतीय उत्कृष्टता, सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक एकता की उस निरंतर यात्रा का प्रतीक बनेगा, जो विश्व मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका और प्रभाव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है।
मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्कृति युवा संस्था के संरक्षक एच.सी. गणेशिया, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष गौरव धामाणी, सचिव सुनील कुमार जैन एवं कार्यक्रम समन्वयक सौम्यता मिश्रा पिछले चार माह से देश-विदेश की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने के लिए प्रयासरत रहे हैं । साथ ही संस्था भारतीय संस्कृति को विश्वभर में प्रसारित करने के अपने अभियान को निरंतर आगे बढ़ा रही है ।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts