छत्तीसगढ़बेमेतरा

बेमेतरा में किसान कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, 9 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

बेमेतरा (विश्व परिवार)। बेमेतरा जिला किसान कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की व मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांगपत्र कलेक्टर को सौंपा।
इस प्रदर्शन में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे, पूर्व विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मंगत साहू, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
ये हैं कांग्रेस की प्रमुख मांगें
कांग्रेस की 9 सूत्रीय मांगों में प्रति एकड़ खाद कटौती का नियम समाप्त करने, सभी किसानों को एकमुश्त खाद वितरण सुनिश्चित करने, डीजल की सुलभ उपलब्धता, कृषि बिजली दरों में राहत, खाद की कालाबाजारी पर रोक, KCC ऋण सीमा बढ़ाने, धान का एकमुश्त भुगतान करने और लंबित अनुदान राशि जारी करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि खरीफ सीजन से पहले किसान परेशान हैं और किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts