रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे सहित रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम जोन 5 के पंडित वामनराव लाखे वार्ड क्रमांक 66 स्थित शासकीय हाईस्कूल कुशालपुर पहुंचकर शाला प्रवेशोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान रायपुर दक्षिण क्षेत्र के वामनराव लाखे वार्ड और महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड के नागरिकों की सुविधा के लिए 70 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर भूमिपूजन किया।
नगर निगम जोन 5 के पंडित वामनराव लाखे वार्ड में लगभग 60 लाख रुपये के विकास कार्य अधोसंरचना मद एवं दक्षिण विधायक निधि से कराए जाएंगे। महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड में विधायक निधि से खो-खो तालाब के पास नहावन एवं अन्य आयोजनों के लिए 10 लाख रुपये की लागत से शेड का निर्माण कराया जाएगा। वहीं कुशालपुर स्कूल परिसर में बच्चों के लिए लगभग 5.95 लाख रुपये की लागत से नया प्रार्थना शेड बनाया जाएगा। इसके अलावा सड़क, नाली, पुलिया और सामुदायिक भवन सहित 10 अलग-अलग स्थानों पर विकास कार्य किए जाएंगे।

कार्यक्रम में महापौर मीनल चौबे, शहर भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद रमेश सिंह ठाकुर, लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, महिला एवं बाल विकास विभाग अध्यक्ष सरिता आकाश दुबे, जोन 5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, वामनराव लाखे वार्ड पार्षद कृष्णा सोनकर, ममता सोनू तिवारी, दुर्गा यादराम साहू, पूर्व पार्षद विजेता मन्नू यादव, अखिलेश कश्यप, मंडल अध्यक्ष सचिन संघवी, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता रामकिंकर ठाकुर, जोन 5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश रामटेके, उप अभियंता कृति शर्मा, स्कूल प्राचार्य वी.के. तिवारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वार्ड 66 में कन्नौजे धोबी परिसर आदर्श नगर में सौंदर्यीकरण कार्य, मां कर्मा सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, मलसाय तालाब के पास रंगमंच निर्माण, आदिवासी कॉलोनी में सामुदायिक भवन के प्रथम तल का निर्माण, शासकीय हाईस्कूल कुशालपुर में प्रार्थना शेड, विभिन्न स्थानों पर सड़क एवं नाली निर्माण, मां दंतेश्वरी अखाड़ा में मरम्मत एवं संधारण जैसे कार्यों का भूमिपूजन किया गया। साथ ही विधायक निधि से प्रज्ञा गायत्री मंदिर के सामने दो मंजिला नए सामुदायिक भवन के निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया।

सुनील सोनी ने शाला प्रवेशोत्सव पर शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने की अपील की। उन्होंने अपने गुरु के प्रति सम्मान का एक प्रसंग साझा करते हुए कहा कि समाज में शिक्षा और शिक्षकों का सम्मान सर्वोच्च होना चाहिए।
उन्होंने कुशालपुर क्षेत्र की जलभराव समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि महापौर और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से नाला क्रॉसिंग का कार्य शीघ्र कराने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि पहले के कुशालपुर और आज के कुशालपुर में काफी बदलाव आया है और इसके विकास में सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा विधायक सुनील सोनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सुनील सोनी के महापौर कार्यकाल में बनी पानी की टंकियों से शहर और कुशालपुर क्षेत्र की पेयजल समस्या दूर हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि जलभराव की समस्या के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि सुनील सोनी ने अपने कार्यकाल में कुशालपुर में पेयजल व्यवस्था मजबूत की और अब स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण का वादा भी पूरा किया है।
वार्ड 66 के पार्षद कृष्णा सोनकर ने क्षेत्र में 60 लाख रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत पर वार्डवासियों की ओर से विधायक सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे के प्रति आभार व्यक्त किया।








