कोरियाछत्तीसगढ़

कोरिया में रेत कारोबार को लेकर खूनी संघर्ष, फॉर्च्यूनर में जलकर भाजपा नेता की मौत

कोरिया (विश्व परिवार)।। सत्ताधारी दल के नेताओं की बीच रेत का विवाद जिले में मरने-मारने में तब्दील हो चुका है. बीती रात जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में हुई दिल दहला देने वाली घटना में फॉर्च्यूनर गाड़ी को आरोपियों ने पहले टिपर से मारकर क्षतिग्रस्त किया, फिर आग लगा दी. घटना में गाड़ी में सवार भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं तीन अन्य सवार घायल हो गए. हिरासत में लिए गए आरोपी भी भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात 11 बजे की है. भरत सिंह अपने साथियों के साथ जैसे ही नवगई गांव पहुंचे आरोपियों ने पहले टिपर से फॉर्च्यूनर को कई बार टक्कर मारी, इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. क्षतिग्रस्त वाहन के दरवाजे जाम होने की वजह से शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास कर रहे सवारों से आरोपियों ने मारपीट भी की।
घटना में जहां फॉर्च्यूनर में सवार भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी रात में ही मौके पर पहुंचे. पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी शामिल हैं. बाकी तीन फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. आरोपी भी भाजपा से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे बैंकुठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े

बताया जा रहा है कि मामले में मरने वाले भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह आरोपी मनोज त्रिपाठी के बीच दोनों भाजपा नेताओं के बीच रेत को लेकर विवाद था. दोनों भाजपा नेताओं के बीच रेत उत्खनन को लेकर विवाद था. लल्ला सिंह आरोपी मनोज त्रिपाठी 3 अन्य लोगों के साथ मंगलवार की दोपहर आपसी झड़प भी हुई थी, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार की रात को हुई दिल दहला देने वाली घटना पर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है. कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूरे प्रदेश में रेत का व्यापार भाजपा नेताओं के बीच गैंगवार का कारण बन गया है. कोरिया जिले में हुई घटना में भाजपा नेता ने दूसरे भाजपा नेता और उसके भाई और साथियों को फॉर्च्यूनर में बंदकर पेट्रोल डालकर जिंदा जला डाला. दरअसल, पूरे प्रदेश में रेत का खूनी खेल चल रहा है. सत्ता के संरक्षण में चल रहा है।
उन्होंने कहा कि एक पखवाड़े पहले जांजगीर-चांपा जिले में घर में घुसकर दो भाइयों को गोली मार दी जाती है. पूरे प्रदेश में खुलेआम खूनी मंजर चल रहा है रेत के घाटों में. और सरकार सोई हुआ है. सरकार का संरक्षण है. सरकार में बैठे लोग पैसा कमाने के लिए पूरे प्रदेश में रेत के धंधे में खूनी मंजर फैलाए हुए हैं. भयावह स्थिति बनी है. शर्मनाम है. पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की चीज नहीं है. यह घटनाएं पहली बार नहीं हो रही है, बार-बार घट रही है. लगातार मीडिया और विपक्ष उठा रहा है, लेकिन सत्ता में बैठे लोग इस तरह की घटनाओं को रोकने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिया जवाब
कोरिया जिले में घटित घटना को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि घटना की पूरी जांच होगी. घटना में जो तथ्य आयेंगे उसके आधार पर कार्रवाई होगी. वहीं घटना पर कांग्रेस के बयान को दुर्भाग्यजनक बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश का अपराधीकरण किया. कांग्रेस घटना का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts