रायपुर (विश्व परिवार)। नगर पंचायत माना कैंप में आज दिनांक 18 जून 2026 को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत लोक कल्याण मेला का आयोजन किया गया। मेला में स्ट्रीट वेंडरों, फुटपाथ व्यवसायियों, ठेला एवं गुमटी संचालकों को योजना की जानकारी प्रदान करते हुए पात्र हितग्राहियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही की गई।
लोक कल्याण मेला में प्रथम चरण के ऋण हेतु 41 हितग्राहियों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए। हितग्राहियों को ऋण उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी मेला में उपस्थित रहे तथा ऋण प्रकरणों के परीक्षण एवं त्वरित निराकरण की कार्यवाही की गई।
कार्यक्रम में नगर पंचायत माना कैंप के अध्यक्ष संजय यादव, उपाध्यक्ष के. एबू, पार्षद अमित घोष, गोपाल पाल, काजल मंडल तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ बाजपेयी द्वारा पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति प्रमाण-पत्र एवं चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर अध्यक्ष संजय यादव ने उपस्थित हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों से योजना का लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सहयोग हेतु बैंक प्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
नगर पंचायत माना कैंप द्वारा भविष्य में भी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने हेतु ऐसे लोक कल्याण मेला आयोजित किए जाते रहेंगे।







