पिथौरा (विश्व परिवार)। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित प्रसिद्ध परमेश्वरी धाम मंदिर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए दानपेटी और भगवान के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर प्रबंधन और पुजारी के अनुसार, सोना-चांदी के आभूषणों और नगदी सहित करीब दो लाख रुपये की चोरी हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले की सूचना मिलते ही पिथौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुसे और दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नगदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने मंदिर में विराजमान भगवान के सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए। सुबह जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा करने के लिए पहुंचे, तब चोरी की जानकारी सामने आई।
मंदिर पुजारी
मंदिर के पुजारी ने बताया कि चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषण और दान पेटी में रखी नगदी को मिलाकर करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ चोरों की तलाश में जुट गई है।
श्रद्धालुओं में नाराजगी
परमेश्वरी धाम क्षेत्र का एक प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में हुई चोरी की इस घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है।







