कवर्धाछत्तीसगढ़

चलती बस के सामने गुंडागर्दी, बेल्ट लहराकर चालक को डराया-धमकाया, VIDEO वायरल

कवर्धा (विश्व परिवार)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक बीच सड़क पर एक चलती पैसेंजर बस को रोककर चालक के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और धमकी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में आरोपित युवक बेल्ट लहराकर बस चालक को डराते-धमकाते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। मुंगेली से पंडरिया आ रही एक सवारी बस को पंडरिया-मुंगेली मार्ग पर पंडरिया नगर से लगे हिसार पेट्रोल पंप के पास तीन युवकों ने रोक लिया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक ग्राम रेहुटा या उसके आसपास के निवासी हैं। आरोप है कि युवकों ने बस को बीच सड़क पर काफी देर तक रोककर हंगामा किया। चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी
घटना के समय बस में महिला, बच्चे, बुजुर्ग, बीमार मरीज सहित कई यात्री सवार थे। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। बीच सड़क पर बस खड़ी रहने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन को इस तरह बीच रास्ते में रोककर चालक के साथ गुंडागर्दी करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है।
जिले में लगातार बढ़ रही इस तरह की घटनाएं
गौरतलब है कि जिले में हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कुछ दिन पहले जिला मुख्यालय में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष के साथ अभद्रता का मामला भी सामने आया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई और जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर आमजन के बीच चर्चा तेज हो गई है। लल्लूराम डॉट कॉम वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और कार्रवाई की प्रतीक्षा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts