छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, डिप्टी CM अरुण साव ने दिए 10 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार)। गुरुवार को रायपुर नगर पालिक निगम में सत्ता पक्ष भारतीय जनता पार्टी पार्षद दल के समस्त पार्षदों ने महापौर मीनल चौबे के नेतृत्व में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री अरुण साव से सौजन्य भेंट कर राजधानी रायपुर शहर में विभिन्न मदों के अंतर्गत स्वीकृत एवं संचालित विकास कार्यों के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

बैठक के दौरान महापौर मीनल चौबे ने रायपुर नगर निगम में जोन स्तर पर आयोजित बैठकों का उल्लेख करते हुए शहर में जलभराव एवं पेयजल व्यवस्था से संबंधित वार्ड स्तरीय आवश्यक कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तत्काल सहमति व्यक्त करते हुए लगभग 10 करोड़ रुपये तक के आवश्यक विभागीय कार्य प्रस्ताव रायपुर नगर निगम में अविलंब तैयार कर उन्हें राज्य नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को तात्कालिक स्वीकृति के लिए प्रशासनिक तौर पर भेजने के निर्देश दिए।

महापौर मीनल चौबे के आग्रह पर रायपुर नगर निगम को अतिरिक्त राशि देने तथा लगभग 10 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति के लिए प्रमुख रूप से स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड क्रमांक 44 में अंबा मंदिर एवं गद्दा लाइन के पास नाली निर्माण कार्य, भक्त माता कर्मा वार्ड क्रमांक 67 में कराके बार से कुशालपुर चौक तक नाली निर्माण कार्य, शहीद पंकज विक्रम वार्ड क्रमांक 58 में देवी लक्ष्मी हॉस्पिटल के पास नाली निर्माण कार्य, पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक 9 में श्मशानघाट में शेड निर्माण कार्य, रानी दुर्गावती वार्ड क्रमांक 49 में श्रीराम मंदिर के पास नाला निर्माण कार्य तथा अन्य वार्डों में विकास कार्यों हेतु नगर निगम रायपुर में तत्काल विभागीय कार्य प्रस्ताव तैयार कर राशि स्वीकृति के लिए राज्य नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को भेजने पर सहमति बनी।

बैठक में उपस्थित रायपुर नगर निगम के सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों एवं जनसमस्याओं से उपमुख्यमंत्री अरुण साव को अवगत कराया।

रायपुर नगर निगम भाजपा पार्षद दल के सचेतक एवं डीडी नगर वार्ड क्षेत्र के पार्षद आशु चंद्रवंशी ने रायपुर नगर निगम की सफाई व्यवस्था के केंद्रीकरण को लागू करने से पहले इसकी विस्तृत समीक्षा एवं सभी पक्षों पर विचार किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर नगर निगम जोन 5 के अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, जोन 4 के अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 1 के अध्यक्ष गज्जू साहू एवं जोन 7 की अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा ने रायपुर नगर निगम में जोनों के अधिकारों में हो रही कटौती के संबंध में उपमुख्यमंत्री अरुण साव का ध्यान आकर्षित किया। वहीं जल विभाग के अध्यक्ष संतोष सीमा साहू ने रायपुर शहर के लिए अतिरिक्त फिल्टर प्लांट एवं नई पानी टंकी की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

बैठक में रायपुर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, वित्त विभाग अध्यक्ष महेंद्र खोडियार, वार्ड पार्षद प्रदीप वर्मा, स्वप्निल मिश्रा, एल्डरमैन मित्रसेन धीमान, ऋषि साहू सहित रायपुर नगर निगम के अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार एवं सुझाव उपमुख्यमंत्री अरुण साव के समक्ष रखे।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर नगर पालिक निगम के जनप्रतिनिधियों के सभी विचारों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनकी सभी मांगों एवं सुझावों पर विभागीय स्तर पर आवश्यक चर्चा कर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts