रायपुर

रायपुर में 2 हजार कैब-टैक्सी चालक करेंगे अर्धनग्न प्रदर्शन, 5 सूत्रीय मांगों को लेकर दी आंदोलन की चेतावनी

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी में कैब और टैक्सी चालकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्वाभिमान युवा टैक्सी चालक मालिक कल्याण संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आगामी 5 तारीख को रायपुर की सड़कों पर 2 हजार से अधिक कैब चालक अर्धनग्न प्रदर्शन करेंगे। संघ ने कहा है कि पिछले चार वर्षों से अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि रायपुर में 2 हजार से अधिक कैब और टैक्सी चालक दिन-रात यात्रियों को सेवाएं दे रहे हैं। चालक शासन के नियमों का पालन करने के साथ समय पर टैक्स और परमिट फीस भी जमा करते हैं, इसके बावजूद उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि परमिट की दरें बढ़ाकर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है और मनमाने चालान काटकर चालकों को परेशान किया जा रहा है।

चालकों ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि वहां वैध टेंडर वाले चालकों को छोड़कर निजी सफेद नंबर प्लेट वाली गाड़ियों और बिना टेंडर के काम कर रहे दलालों का दबदबा है। वहीं, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर टैक्सी चालकों के लिए पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

संघ की प्रमुख मांगों में एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर आधिकारिक कमर्शियल टैक्सी स्टैंड की व्यवस्था करना शामिल है। इसके अलावा इन स्थानों के लिए शासन की ओर से सरकारी रेट लिस्ट तय करने की मांग की गई है, ताकि चालकों को उचित किराया मिल सके और यात्रियों के साथ किराये को लेकर विवाद की स्थिति न बने।

चालकों ने एग्रीगेटर कंपनियों पर भी मनमाना कमीशन वसूलने का आरोप लगाया है। संघ का कहना है कि इससे चालक और यात्री दोनों प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने शासन-प्रशासन से तत्काल बातचीत कर समस्याओं का निराकरण करने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि यदि पांच सूत्रीय मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो 5 तारीख को प्रस्तावित प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी संघ ने शासन और यातायात प्रशासन पर डाली है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts