कांकेरछत्तीसगढ़

कांकेर में भालू का हमला, दो ग्रामीणों की मौत, एक गंभीर घायल

कांकेर (विश्व परिवार)। जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत मरकाटोला–लारगांव क्षेत्र में भालू के हमले की घटना सामने आई है। हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जंगल से लगे क्षेत्र में एक भालू की मौजूदगी की सूचना पहले ही ग्रामीणों को मिल गई थी। ग्रामीणों ने भालू का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था और वन विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई थी। बताया जा रहा है कि स्कूल से लगे जंगल क्षेत्र में एक मृत भालू के पास मादा भालू मौजूद थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद भी समय रहते वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते यह घटना हुई। भालू के हमले में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक ग्रामीण घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की जा रही है। घायल ग्रामीण को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल मादा भालू की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है। गांव के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, ग्रामीणों में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts