रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर, दिनांक 11.08.2026 नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बैंक) रायपुर की 60वीं बैठक का आयोजन संयोजक कार्यालय सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, आंचलिक कार्यालय रायपुर द्वारा किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष राकेश भूतड़ा, अंचल प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक ने की। साथ ही भारतीय रिज़र्व बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर से महाप्रबंधक एवं प्रभारी अधिकारी मनीष पराशर, नाबार्ड छ.ग. क्षेत्रीय कार्यालय से मुख्य महाप्रबंधक दि. क. गवली, पंजाब नैशनल बैंक से अंचल प्रमुख एवं महाप्रबंधक महेश वधवा एवं भारतीय जीवन बीमा निगम मंडल कार्यालय रायपुर से वरिष्ठ मंडल प्रबंधक संजीव कुमार मालवी मंचासीन अतिथियों के रूप में उपस्थित रहें। बैठक में रायपुर नगर स्थित केंद्र सरकार के विभिन्न बैंकों एवं बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन, प्रगामी प्रयोग तथा राजभाषा संबंधी निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करना था। बैठक में संबंधित कार्यालयों द्वारा हिंदी में किए जा रहे कार्यों, राजभाषा नीति के अनुपालन तथा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।
बैठक में कुल 24 सदस्य कार्यालयों के कार्यालय प्रमुख एवं राजभाषा अधिकारीगण उपस्थित रहें। सभी संस्थान प्रमुखों द्वारा कार्यालय में चल रहे राजभाषा हिंदी कार्यान्वयन की प्रगति पर विचार व्यक्त किए गए। अध्यक्ष महोदय ने कहा कि राजभाषा हिंदी केवल कार्यालयीन कार्य की भाषा ही नहीं, बल्कि जनसंपर्क और जनसेवा को अधिक सहज एवं प्रभावी बनाने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी कार्यालयों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के साथ-साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करें।
वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु उत्कृष्ट कार्यान्वयन हेतु सदस्य कार्यालयों के कार्यालय प्रमुख एवं राजभाषा अधिकारी द्वारा शील्ड एवं प्रमाणपत्र ग्रहण किया गया। साथ ही सदस्य कार्यालयों द्वारा प्रकाशित ई- पत्रिकाओं हेतु राजभाषा अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया।
बैठक में नराकास की विभिन्न गतिविधियों, हिंदी कार्यशालाओं, हिंदी पखवाड़ा/हिंदी दिवस कार्यक्रमों, राजभाषा संबंधी प्रतियोगिताओं तथा उत्कृष्ट हिंदी कार्य के लिए कार्यालयों को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। उत्कृष्ट राजभाषा कार्य करने वाले कार्यालयों की सराहना करते हुए अन्य कार्यालयों को भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।
60वीं बैठक के अवसर पर समिति की अब तक की यात्रा एवं राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में नराकास रायपुर की भूमिका को रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समिति की निरंतर बैठकों एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से रायपुर में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को नई गति मिली है।
बैठक के अंत में सुश्री पूजा चौधरी, सहायक प्रबंधक राजभाषा एवं सदस्य सचिव, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बैंक), रायपुर ने सभी उपस्थित प्रतिनिधियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी राजभाषा हिंदी के प्रभावी एवं व्यापक प्रयोग के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संयोजन सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया आंचलिक कार्यालय रायपुर के सहायक प्रबंधक सुश्री रोली गुप्ता एवं वरिष्ठ प्रबंधक संदीप प्रसाद का विशेष योगदान रहा।







