बलरामपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बलरामपुर जिले में धान की कालाबाजारी और अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासनिक टीम ने चार पिकअप वाहनों से 255 बोरी अवैध धान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को भी पकड़ा है, जबकि पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
UP से लाया जा रहा था अवैध धान
जानकारी के मुताबिक, एसडीएम आनंद राम नेताम के नेतृत्व में प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने सनावल थाना क्षेत्र के ठुल्लू पत्थर में घेराबंदी कर यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि ग्रामीण रास्तों के जरिए उत्तर प्रदेश से अवैध धान छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था। इसी दौरान टीम ने चार पिकअप वाहनों को रोककर जांच की, जिसमें 255 बोरी धान लोड मिला।
SDM ने 30 KM तक खुद चलाई पिकअप
कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को टीम ने पकड़ लिया। वहीं, पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पकड़े गए व्यक्ति से एसडीएम ने घटनास्थल पर ही पूछताछ की। इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि एसडीएम आनंद राम नेताम ने स्वयं करीब 30 किलोमीटर तक पिकअप चलाकर जब्त वाहनों को सनावल पुलिस के सुपुर्द किया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
गौरतलब है कि जिले में धान खरीदी शुरू होने के साथ ही बिचौलिए और अवैध धान कारोबार से जुड़े लोग सक्रिय हो गए हैं। प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद उत्तर प्रदेश से ग्रामीण रास्तों के जरिए धान के अवैध परिवहन पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।







