भिलाई

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिगम्बर जैन सभा एवं जैन युवा संघ ने किया सघन वृक्षारोपण

भिलाई (विश्व परिवार)। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए दिगम्बर जैन सभा, नेहरू नगर, भिलाई एवं जैन युवा संघ, भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 16 अगस्त को कुसुम कानन उद्यान के पीछे, कोसा नाला के पास, नेहरू नगर पूर्व, भिलाई में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। जैन समाज के सदस्यों ने 100 से अधिक पौधों का रोपण किया जिसमें बादाम, पीपल जैसे पौधों के साथ अनेक औषधीय एवं फूलों वाले पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि संदीप निरंकारी, वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य रहे। अतिथियों ने स्वयं पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, हरियाली और स्वस्थ पर्यावरण की अमूल्य विरासत बनेंगे।

कार्यक्रम में दिगम्बर जैन सभा एवं जैन युवा संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा समाजजनों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में जैन समाज के आई एम जैन, राजकुमार जैन, रमेशचंद नाहर, संदीप जैन, क्षितिज जैन, जितेन्द्र जैन, जैन युवा संघ के अध्यक्ष सचिन जैन, निशांत जैन, अमित जैन के साथ समाज की महिलाओं एवं युवाओं ने सक्रिय सहभागिता दी।

उपस्थित सभी लोगों ने “एक संकल्प, एक पौधा” के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts