छत्तीसगढ़रायपुर

बाबा रामदेव बोले- केवल एक PM से देश की सारी समस्याएं खत्म नहीं होंगी, मिलकर सुधारना होगा

रायपुर (विश्व परिवार)। योगगुरु बाबा रामदेव रविवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। भोपाल से देहरादून जाते समय देहरादून में खराब मौसम के कारण उन्होंने रायपुर में रात्रि विश्राम करने का निर्णय लिया है। बाबा रामदेव सोमवार सुबह देहरादून के लिए रवाना होंगे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही वे मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने देश की मौजूदा परिस्थितियों, शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था, युवाओं के भविष्य और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
भारतीय बचपन खतरे में है- बाबा रामदेव
बाबा रामदेव ने कहा कि देश में न हिंदू, न मुसलमान, न क्षत्रिय, न ब्राह्मण समेत अन्य कोई भी जाति खतरे में नहीं है। खतरे में भारतीय बचपन है। देश की जवानी, देश का वर्तमान, देश का भविष्य खतरे में है। कुछ लोग आंदोलनों के लिए देश के बचपन का इस्तेमाल कर रहे हैं। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन होना चाहिए। देश की शिक्षा, चिकित्सा व्यवस्था को लेकर गहरे प्रश्न हैं। व्यक्ति केंद्रित व्यवस्था नहीं होनी है।
राष्ट्रगीत को लेकर देश में सियासत पर बयान
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर राष्ट्रगीत के अपमान के आरोप को लेकर देश में गरमाई सियासत पर बाबा रामदेव ने कहा कि उन्होंने यह वीडियो अभी तक नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम से लेकर देश की एकता और अखंडता का सवाल है। इस पर सभी को एक होना चाहिए। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। राष्ट्रहित और राष्ट्रधर्म सर्वोपरि है।
देश की व्यवस्थाओं को लेकर बाबा रामदेव का बड़ा बयान
भारत देश की व्यवस्थाओं को लेकर बाबा रामदेव का बड़ा बयान देते हुए कहा कि केवल एक PM देश को ठीक कर देंगे, यह भी अपेक्षा पूरी तरीके से उचित नहीं है। नरेंद्र मोदी की नीतियों में बहुत कुछ देश में अच्छा हुआ है। बहुत से लोगों को बहुत कुछ अच्छा नहीं दिखता, यह गलत है। देश में सब कुछ अच्छा है, यह बात भी गलत है। हमें हमेशा न्यायपूर्ण दृष्टि से सोचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश में समस्या केवल नौकरियों की नहीं है, पर्यावरण समेत अन्य मुद्दों की भी है। शिक्षा का व्यवसायीकरण होना खराब है। देश की शिक्षा और चिकित्सा अगर सुधारनी हो तो सरकारी तंत्र का लाभ उठाने वालों को ध्यान देना चाहिए। सरकारी तंत्र का लाभ उठाने वालों के बच्चों को गवर्नमेंट स्कूल में पढ़ना और गवर्नमेंट हॉस्पिटल में इलाज करना चाहिए। व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर पुरुषार्थ करने की आवश्यकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts