रायपुर (विश्व परिवार)। चिंतामणि पार्श्वनाथ स्वामी के मोक्ष कल्याणक महामहोत्सव (मुकुट सप्तमी) एवं संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य तथा विद्याकुल शिरोमणि आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज के आज्ञानुवर्ती शिष्य मुनि श्री 108 आगम सागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 पुनीत सागर जी महाराज के दीक्षा दिवस के शुभ अवसर पर रायपुर के इतिहास में पहली बार श्रमदान अपनापन हथकरघा वस्त्रों की त्रिदिवसीय प्रदर्शनी एवं चल विक्रय केंद्र का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन 18 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक मुख्य आयोजन स्थल लालगंगा पटवा भवन, टैगोर नगर, रायपुर में आयोजित होगा। प्रदर्शनी में हथकरघा से निर्मित 100 प्रतिशत कॉटन के आकर्षक एवं उपयोगी वस्त्र उपलब्ध रहेंगे।
प्रदर्शनी में विशेष रूप से बनारसी, माहेश्वरी सहित विभिन्न प्रकार की आकर्षक साड़ियां, जिनेन्द्र भगवान के अभिषेक-पूजन एवं मुनिराज को आहार देने के लिए शुद्ध अहिंसक धोती-दुपट्टे, पानी का छन्ना, प्रक्षाल वस्त्र तथा आरामदायक एवं सुंदर बेडशीट सहित अनेक वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य हथकरघा वस्त्रों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ अहिंसक एवं भारतीय परंपरा से जुड़े उपयोगी वस्त्रों को समाज तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी में समाजजनों के लिए विभिन्न प्रकार के गुणवत्तापूर्ण वस्त्र एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।







