- जयवर्धन सिंह ने कहा हमारा सौभाग्य आप स्कूल पधारे।
राघौगढ़ (विश्व परिवार)। हिंदूपत पब्लिक स्कूल राघौगढ़ में शिक्षकों एवं छात्रों को प्रेरक एवं मार्गदर्शन प्रवचन देते हुए आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज के शिष्य औजस्वी वक्ता बुंदेली महाकवि मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने कहा शिक्षा से ज्ञानार्जन एवं व्यक्तित्व का विकास होता है। आपने छात्र-छात्राओं को पुस्तकीर ज्ञान के साथ प्रायोगिक ज्ञान करने का भी आह्वान किया। मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने छात्र-छात्राओं से कहा आप देश का भविष्य हैं। जीवन में जो लक्ष्य बनाएं उस लक्ष्य पर अडिक रहे लक्ष्य पर अडिक रहकर आत्मविश्वास बढ़ाये, जीवन में अवश्य सफलता मिलेगी। आपने उल्लेख किया विगत वर्षों भारत सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति बनाने सुप्रसिद्ध विद्वान कस्तूरी रंजन की अध्यक्षता में 10 सदस्य समिति का गठन किया था। वह समिति डोंगरगढ़ छत्तीसगढ़ में आचार्य विद्यासागर जी महाराज से मिलने आई थी। उस समय समिति को आचार्य विद्यासागर जी ने यही सुझाव दिया था कि पुस्तकीय शिक्षा की अपेक्षा प्रायोगिक शिक्षा एवं सामान्य ज्ञान दिया जाना चाहिए। आचार्य विद्यासागर जी ने समिति के समक्ष कहा था वर्तमान शिक्षा से जो डिग्रियां मिल रही है वे खर्चों की रसीदों के समान है। प्रायोगिक शिक्षा से व्यक्तित्व का विकास होता है। आपने यह भी कहा भारतीय प्रतिभाओं को विदेश में खरीदा जा रहा है। देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने भारत देश को साड़ियों की गुलामी से मुक्त कराया है। प्रतिभा पलायन से हमें पुनः देश को गुलामी की ओर नहीं बढ़ाना है। भारतीय संस्कृति को नुकसान हो रहा है। आपने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा आप देश के भविष्य हो। अपने मन में जो सोचा है उसे आप पूरा करने लगन एवं मेहनत से जुड़ जाओ।
विधायक जयवर्धन सिंह ने मुनि श्रमण सागर जी एवं मुनि ओंकार सागर जी महाराज जी के चरणों में श्रीफल भेंट किया एवं पद प्रक्षालन किया। विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा हमारा सौभाग्य है कि आपके चरण इस शिक्षा के मंदिर में पड़े हैं। आपने यह भी कहा देश के उच्च कोटि के शिक्षण संस्थान यहां पर हैं देहली पब्लिक स्कूल एनएफएल विजयपुर, सत्य साईं विद्या विहार गेल विजयपुर, जय ज्योति पब्लिक स्कूल जेपी कॉलेज परिसर इन सब शिक्षण संस्थानों के साथ ही हिंदूपत पब्लिक स्कूल भी छात्रों को उनकी रुचि के अनुरूप शिक्षा देने का प्रयास कर रहा है। आरंभ में स्कूल के बच्चों ने संगीतमय भजन गुरु की कृपा हो जाए प्रस्तुत किया। प्राचार्य ए एस राठौर, प्रशासनिक अधिकारी दिलीप अग्रवाल प्रगति मानव सेवा संस्थान के संयुक्त सचिव विजय कुमार जैन, जैन समाज राघोगढ़ के अध्यक्ष सिंघई अशोक कुमार भारिल्य सहित स्कूल परिवार के शिक्षकों ने महाराज जी के चरणों में श्रीफल भेंट का आशीर्वाद दिया।
मुनि श्रमण सागर जी एवं मुनि ओंकार सागर जी महाराज ने प्राचार्य सहित छात्र-छात्राओं को काव्यमय पुस्तक श्रमण धारा प्रदान की। इस अवसर पर मुनि ओंकार सागर जी महाराज के गृहस्थ जीवन के पिताजी सुरेश चंद जैन, माताजी श्रीमती सुधा जैन निवासी महाराजपुर भी विशेष रूप से उपस्थित थे। धर्म सभा का संचालन विकास कुमार जैन ने किया। धर्म सभा में छात्र छात्राओं शिक्षकों सहित गणमान्य नागरिक एवं माता बहने भी उपस्थित थे।







