रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया है। 21 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार प्रशासनिक दृष्टिकोण से 9 IFS अधिकारियों को अस्थायी रूप से नवीन पदस्थापना दी गई है।
आदेश के मुताबिक सौरभ सिंह ठाकुर (2017) को गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व, बैकुंठपुर के उप संचालक से हाथी रिजर्व, सरगुजा, अंबिकापुर का उप संचालक बनाया गया है। दिनेश कुमार पटेल (2018) को वन उप संरक्षक, मोहला से अचानकमार टाइगर रिजर्व, लोरमी का उप संचालक बनाया गया है।
गणेश यू.आर. (2019) को अचानकमार टाइगर रिजर्व, बिलासपुर के उप संचालक पद से हटाकर वनमंडल अधिकारी, अनुसंधान एवं विस्तार वन मंडल बिलासपुर बनाया गया है। उन्हें अचानकमार-अमरकंटक बायोस्फीयर रिजर्व, बिलासपुर के संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं अभिनव कुमार (2021) को वन उप संरक्षक, मुंगेली से वन उप संरक्षक, मोहला पदस्थ किया गया है।
एस. नवीन कुमार (2022) को कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, जगदलपुर के संचालक पद से हटाकर वन उप संरक्षक, पश्चिम भानुप्रतापपुर पदस्थ किया गया है। गौतम पादीभर (2023) को उप वनमंडलाधिकारी, गौरेला वनमंडल मरवाही से कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, जगदलपुर का संचालक बनाया गया है। श्वेता कंबोज (2023) को अंबिकापुर वनमंडल की उप वनमंडलाधिकारी से गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व, बैकुंठपुर की उप संचालक बनाया गया है।
इसके अलावा सुमेध संजय सुरवणे (2023) को उप वनमंडलाधिकारी, सुकमा वनमंडल से इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर का उप संचालक बनाया गया है। वहीं तन्मय कौशिक (2023) को रायगढ़ वनमंडल के उप वनमंडलाधिकारी पद से वन उप संरक्षक, मुंगेली पदस्थ किया गया है।
आदेश में स्टायलो मंडावी (2011) के प्रभार को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। उम कुमार गुप्ता के कार्यभार ग्रहण करने के दिनांक से उन्हें प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक), जगदलपुर को छोड़कर शेष प्रभार से मुक्त किया जाएगा।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव जे.पी. पाठक के हस्ताक्षर से यह आदेश जारी किया गया है।







