रायपुर (विश्व परिवार)। सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों समेत कई बड़े लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक और गलत जानकारी वाली पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। इस मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता ने पोस्ट शेयर करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और उसे शेयर करने से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
शिकायतकर्ता अमन यादव, निवासी श्याम नगर तेलीबांधा ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम के cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम के अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।
आरोप है कि इन पोस्ट में छत्तीसगढ़ की जनता, समाज और प्रशासन से जुड़े लोगों के खिलाफ अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इन अकाउंट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों के वीडियो भी शेयर कर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, पोस्ट और वीडियो के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने और सोशल मीडिया पर उनके बारे में गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश की जा रही है।
झूठी और आपत्तिजनक पोस्ट पर कार्रवाई की मांग
अमन यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि किसी व्यक्ति पर टिप्पणी या आलोचना करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा है। लेकिन जानबूझकर झूठी, भ्रामक, अश्लील या आपत्तिजनक पोस्ट कर किसी की छवि खराब करना अलग मामला है।
उन्होंने पुलिस से दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर उन्हें चलाने वाले लोगों की पहचान करने और मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस खंगाल रही सोशल मीडिया अकाउंट
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस पोस्ट और वीडियो की सामग्री, अकाउंट संचालकों की पहचान और सोशल मीडिया पर इसके प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







