रायपुर (विश्व परिवार)। “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” के संदेश के साथ आस्था, भक्ति और सामाजिक सद्भाव से सराबोर हजारों कांवड़ियों ने पवित्र जल में श्रद्धा की डुबकी लगाई। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर चंदखुरी से आरंग तक आयोजित सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में हुआ।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने माता कौशल्या की नगरी चंदखुरी स्थित प्रसिद्ध माता कौशल्या मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया और कांवड़ यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने वाली यात्रा है।
श्रावण मास में आयोजित यह तीन दिवसीय कांवड़ यात्रा 71 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए चंदखुरी से आरंग तक पहुंचेगी। हजारों शिवभक्त पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों की आस्था को और मजबूत करने के साथ समाज में समरसता का संदेश भी देगी।
नवीन अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव सभी के आराध्य हैं और उनकी भक्ति हमें भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, समानता और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी शिवभक्तों और श्रद्धालुओं को इस पावन यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे और प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो, यही कामना है।
इस अवसर पर पूज्य संत श्री राजीव लोचन जी महाराज, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता साथी एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।







