छत्तीसगढ़रायपुर

मिठाई के अंदर मिला मच्छर, दूसरी बार शिकायत के बाद न्यू डेल्ही स्वीट्स पर खाद्य विभाग की कार्रवाई

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी के टैगोर नगर स्थित न्यू डेल्ही स्वीट्स के कलाकंद के अंदर मच्छर निकलने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कलाकंद के सैंपल लिए और जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। खाद्य विभाग की टीम को फर्म के परिसर में कई तरह की कमियां मिली, जिसे दूर करने नोटिस भी जारी किया गया।
रायपुर के ब्राम्हणपारा आजाद चौक निवासी धीरजधर दीवान ने एक वीडियो सोशल मीडिया में जारी कर न्यू डेल्ही स्वीट्स के कलाकंद में मच्छर निकलने का दावा किया और आरोप लगाया कि यह उनके साथ दूसरी बार हुआ है। उपभोक्ता ने बताया कि न्यू डेल्ही स्वीट्स से लिए गए कलाकंद में खाने के दौरान देखा गया कि उसके अंदर मरा मच्छर है। वे मिठाई बॉक्स लेकर दुकान पहुंचे और उस दौरान वीडियो बनाया।
वीडियो में उनके कलाकंद में मच्छर दिखाने पर होटल में मौजूद मैनेजर से वे कहते दिखाई दे रहे हैं कि आपकी दुकान के मिठाई में पहले भी मच्छर निकला था तो आपने कहा कि लाइट गुल होने से पैकिंग के दौरान गिर गया होगा तो मैंने माफ कर दिया था। अब फिर से दोबारा इस तरह मिठाई के अंदर मच्छर निकला है। उपभोक्ता का कहना है कि दोषी दुकान पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इसकी शिकायत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के टोलफ्री नंबर पर की, जिसके बाद विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची और जांच के लिए मिठाई के नमूने लिए।
इन दुकानों से लिए गए मिठाई के नूमने
बता दें कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में गत 17 अगस्त से 23 अगस्त के बीच ‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को राजधानी में दर्जनों स्थानों पर छापामार कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत मेसर्स डीमार्ट कमल विहार से अमूल प्योर घी व वचन काउ घी, मेसर्स अमर ज्योति इंटरप्राइजेस (अपना मार्ट) बीरगांव से डाबर हनी एवं यूनिविक वॉटर, मेसर्स बालाजी ट्रेडिंग होलसेल मार्केट डूमरतराई से देवभोग घी, मेसर्स मयंक ट्रेडिंग कंपनी होलसेल मार्केट डूमरतराई से कीर्ति गोल्ड प्योर काउ घी, मेसर्स संतोष मार्केटिंग से श्रीमूल एगमार्क काठ घी, बीकानेरी रसगुल्ला एवं गुलाब जामुन के नमूने लिए गए।
इसी तरह मेसर्स अमर ज्योति इंटरप्राइजेस (अपना मार्ट) बीरगांव एवं मेसर्स न्यू डेल्ही स्वीट्स टैगोर नगर की फर्म परिसर में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए इन्यूव्हमेंट नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि मेसर्स न्यू डेल्ही स्वीट्स टैगोर नगर से कलाकंद एवं मेसर्स मां दुर्गा स्वीट्स भनपुरी से नारियल लड्डू का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts