छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में नल कनेक्शन के गड्ढे पर विवाद, बच्चे के गिरने के दावे पर CCTV ने खड़े किए सवाल; पार्षद ने दी FIR की चेतावनी

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर के गुरु घासीदास वार्ड-48 में नल कनेक्शन के लिए खोदे गए गड्ढे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो और सामने आए CCTV फुटेज को लेकर दो पक्षों के दावे अलग-अलग हैं।
वीडियो बनाने वाले मनोज ठाकुर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि बच्चा गड्ढे में गिर गया। उन्होंने बताया कि 15 दिन पहले नल कनेक्शन के लिए गड्ढा खोदा गया, लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया।
वहीं, सामने आए CCTV फुटेज में 2 बच्चे छाता लेकर आते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान मनोज बच्चों को गड्ढा दिखाते हुए कुछ इशारा करते नजर आते हैं। इसके बाद दोनों बच्चे कुछ देर वहां रुकते हैं और फिर गड्ढे की ओर बढ़ते दिखाई देते हैं।
भाजपा पार्षद महेश ध्रुव ने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से वीडियो बनाया गया है। उनका कहना है कि वे युवक के खिलाफ FIR कराएंगे।
मनोज बच्चों का वीडियो बनाते नजर आए
CCTV फुटेज में नजर आ रहा है कि बच्चे गड्ढे की ओर बढ़ रहे हैं। इसी दौरान मनोज ठाकुर दूसरी तरफ जाते हैं और मोबाइल का कैमरा ऑन करते नजर आते हैं। इसके बाद बच्चे गड्ढे में नजर आते हैं, जबकि मनोज उनका वीडियो बनाते नजर आते हैं।
पार्षद का आरोप- ‘वीडियो बनाकर बदनाम करने की कोशिश’
वहीं, भाजपा पार्षद महेश ध्रुव ने मनोज ठाकुर के दावे पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मनोज उनके वार्ड के निवासी नहीं हैं और चुनाव जीतने के बाद से ही उनके खिलाफ इस तरह के वीडियो बनाते रहे हैं।
पार्षद ने आरोप लगाया कि इस बार भी उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से वीडियो बनाया गया है। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले की सच्चाई स्पष्ट हो रही है। पार्षद ने बताया कि वे इस संबंध में पुलिस में शिकायत करेंगे।
मनोज बोले- ‘मैंने रोका था, बच्चे नहीं माने’
CCTV को लेकर मनोज ठाकुर का कहना है कि उन्होंने बच्चों को गड्ढे में जाने से रोकने की कोशिश की थी। उनका दावा है कि उन्होंने बच्चों को गड्ढे में पानी और करंट के खतरे के बारे में भी बताया था, लेकिन बच्चे नहीं माने।
मनोज के मुताबिक, बच्चों के गड्ढे में जाने के बाद उन्होंने घटना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। उनका कहना है कि वीडियो का उद्देश्य संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान मामले की ओर दिलाना था।
अब CCTV पर टिक गया पूरा विवाद
मामले में फिलहाल दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं। मनोज का कहना है कि उन्होंने बच्चों को रोकने की कोशिश की, जबकि CCTV में बच्चे उनके सामने गड्ढे की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। वहीं पार्षद ने इस मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts