छत्तीसगढ़भानुप्रतापपुर 

कांकेर में खेत में उगा रखे थे 850 से ज्यादा गांजे के पौधे, आरोपी गिरफ्तार

भानुप्रतापपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गांजे की खेती का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने घर से लगे खेत में बड़ी संख्या में गांजे के पौधे उगाए थे। पुलिस ने मौके से 850 से अधिक गांजे के पौधे बरामद किए हैं। पूरा मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भूरसा तरहूल का है।
भानुप्रतापपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भूरसा तरहुल में एक ग्रामीण अपने खेत में गांजे की खेती कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खेत में बड़ी संख्या में गांजे के पौधे पाए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त किया। आरोपी की पहचान ग्राम भूरसा तरहुल निवासी सुभाष कोरेटी के रूप में हुई है।
खुद गांजे का सेवत करता है आरोपी
आरोपी ने अपने घर से लगे खेत में करीब 850 गांजे के पौधे लगाए थे। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह खुद गांजे का सेवन करता है। इसी वजह से उसने गांजे के बीज तैयार कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर रोप दिया था। समय के साथ ये पौधे बड़े हो गए और खेत में गांजे की फसल तैयार हो गई।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
मौके पर पुलिस ने विशेषज्ञ टीम को भी बुलाया, जिसने पौधों का परीक्षण कर उनके गांजे के पौधे होने की पुष्टि की है। पुलिस अब इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेती में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं और आखिर इतने बड़े पैमाने पर गांजे की खेती के पीछे क्या उद्देश्य था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts