देशमुंबई

बैंक ऑफ बड़ौदा ने खेल एवं फिटनेस गतिविधियों के साथ मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस

मुंबई (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने स्टाफ सदस्यों के लिए विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन कर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया। भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ संगठन में टीम भावना और आपसी सौहार्द को मजबूत करना था।
कार्यक्रम में बैंक के कार्यपालक निदेशकों ललित त्यागी, संजय विनायक मुदलियार, लाल सिंह एवं बीना वहीद सहित बैंक के अन्य स्टाफ सदस्यों की उपस्थिति रही। स्टाफ सदस्यों ने बैंक के अंचल स्तरीय चैंपियनों के साथ टेबल टेनिस, कैरम, बैडमिंटन और बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इन गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न स्तरों पर कार्यरत सहकर्मियों को एक साथ आने का अवसर मिला। साथ ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा दिया गया।
इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक ललित त्यागी ने कहा कि खेल अनुशासन, दृढ़ता, टीम भावना और उत्कृष्टता हासिल करने के संकल्प को मजबूत करते हैं। ये मूल्य एक सुदृढ़ और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम संगठन के निर्माण के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की विरासत को सम्मान देने के साथ-साथ स्टाफ सदस्यों को फिटनेस को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करने का अवसर है। फिट इंडिया मूवमेंट में बैंक की सहभागिता के माध्यम से स्वस्थ और अधिक सक्रिय भारत के निर्माण में योगदान देने पर प्रसन्नता है।
बैंक ने राष्ट्रीय खेल दिवस के सोशल मीडिया अभियान #KhelegaBharatJeetegaBharat को भी समर्थन दिया। इस अभियान के जरिए खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में अधिक से अधिक सहभागिता के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया गया।
महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की समृद्ध खेल विरासत का उत्सव मनाने के साथ नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में खेल और शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts