रायपुर (विश्व परिवार)। श्री दावड़ा विश्वविद्यालय में रायपुर जिले सहित पूरे राज्य के उत्कृष्ट एवं नवाचारी शिक्षकों के सम्मान के लिए शिक्षक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान राज्य के 500 उत्कृष्ट एवं नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में नेता प्रतिपक्ष एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत मौजूद रहे। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल सहित पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा, राजकमल सिंघानिया, डॉ. विनय जायसवाल, पुलिस मुख्यालय के डीएसपी गुरु नारायण प्रधान तथा श्री दावड़ा विश्वविद्यालय के फाउंडर सीईओ चिन्मय दावड़ा, महानिदेशक डॉ. चार्मी दावड़ा, मानद निदेशक तुलसी दास संघानी, प्रति-कुलपति डॉ. वरुण गंजीर एवं कुलसचिव विपिन श्रीवास्तव मंचस्थ रहे।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि श्री दावड़ा परिवार और दावड़ा विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी एवं अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
प्रो. मनोज दयाल ने अपने उद्बोधन में शिक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बीच सामंजस्य स्थापित करने के साथ-साथ मौलिकता एवं रचनात्मकता को बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षक सम्मान समारोह के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में अभनपुर विधानसभा के विधायक इंद्रकुमार साहू उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के उत्थान के लिए दावड़ा विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही, उन्होंने युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से भारत के स्वर्णिम भविष्य के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के तृतीय सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की निदेशक डॉ. फरिहा आलम सिद्दीकी तथा राज्य पुलिस अकादमी, चंद्रखुरी के एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने शिक्षकों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। डीन अकादमिक प्रो. नितिन जायसवाल, फैकल्टी ऑफ आर्ट्स के डीन डॉ. मनीष वर्मा, फैकल्टी ऑफ साइंस के डीन डॉ. सुरजीत डे मंडल, फैकल्टी ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट की डॉ. मनीषा पांडेय सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।







