रायपुर (विश्व परिवार)। एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 का रायपुर क्षेत्रीय दौर 12 सितंबर 2026 को रायपुर में आयोजित किया गया। इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में करीब 110 टीमों ने भाग लिया और अपने ज्ञान एवं क्विजिंग कौशल का प्रदर्शन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘एनीथिंग एंड एवरीथिंग फ्रॉम द वर्ल्ड ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट’ रखा गया है।
रायपुर क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में शीर्ष छह टीमों के बीच मुकाबला हुआ। आईआईएम रायपुर के अभिषेक मिश्रा एवं वरद नागेश जौरकर की टीम ने 60 हजार रुपए का नकद पुरस्कार जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, आईआईएम रायपुर के प्रतीक अहीर एवं सुश्रुत अग्रवाल की टीम 40 हजार रुपए के पुरस्कार के साथ दूसरे स्थान पर रही। एसएसआईपीएमटी रायपुर के साहिल कुमार एवं ऋषभ कुमार अग्रवाल की टीम ने 20 हजार रुपए के पुरस्कार के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
आईआईआईटी नया रायपुर की अदिति जोशी एवं मुबश्शिर अहमद, एनआईटी रायपुर के हर्ष मटलानी एवं दिव्य प्रताप सिंह सिसोदिया तथा एनआईटी रायपुर के आयुष कुमार शर्मा एवं अयनांश शुक्ला की टीमों ने क्रमशः चौथा, पांचवां और छठा स्थान प्राप्त किया। तीनों टीमों को 8-8 हजार रुपए का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर एनटीपीसी नवा रायपुर के महाप्रबंधक (एचआर) प्रवीण गर्ग ने कहा कि एनटीपीसी की स्थापित क्षमता में निरंतर वृद्धि और देश के विद्युत क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति के साथ इलेक्ट्रॉन क्विज का भी हर वर्ष विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एनटीपीसी ऊर्जा के माध्यम से देश को शक्ति प्रदान कर रही है, उसी प्रकार इलेक्ट्रॉन क्विज युवा प्रतिभाओं के ज्ञान और क्षमता को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। यह प्रतियोगिता युवा प्रतिभागियों को अपनी क्विजिंग प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध कराती है।
प्रतियोगिता की शुरुआत ऑन-स्पॉट लिखित राउंड से हुई। इसके बाद ऑडियो-विजुअल और बजर राउंड आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का संचालन ग्रेसेल के प्रसिद्ध क्विज मास्टर गौतम बोस ने किया।
रायपुर क्षेत्रीय दौर में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली आईआईएम रायपुर की दोनों टीमें अब राष्ट्रीय सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को क्रमशः एनटीपीसी के पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (PMI), नोएडा में आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में एनटीपीसी के अधिकारियों के साथ राज्यभर के विभिन्न इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट संस्थानों के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।







