छत्तीसगढ़रायपुर

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्प से प्रेरणा लेकर युवा शक्ति करेगी राष्ट्र निर्माण : राहुल टिकरिहा

  • भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने की ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ की घोषणा; 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 10 राज्यों में निकलेगी यात्रा, छत्तीसगढ़ भी होगा साक्षी

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आहूत सेवा संकल्प अभियान के तहत निकली “वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा” को प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, निरंतर जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समर्पित करते हुए कहा है कि यह केवल एक औपचारिक बाइक यात्रा नहीं, बल्कि देश की युवा शक्ति को सेवा, समाज और राष्ट्र निर्माण के मार्ग से जोड़ने का एक विराट राष्ट्रव्यापी अभियान है। श्री टिकरिहा ने गुरुवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए ऐतिहासिक “वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा” की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने बताया कहा कि यह यात्रा एक साथ दो दिशाओं में शुरू होगी जिनमें 1000 युवा ‘सेवा यात्री’ बनेंगे। यात्रा एक ही समय पर दो दिशाओं से शुरू होगी— वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) और वाराणसी से वडनगर। यह यात्रा 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 7 अक्टूबर तक निरंतर चलेगी। प्रत्येक यात्रा मार्ग पर 25 मोटरसाइकिलें और 50 समर्पित सेवा यात्री चलेंगे। श्री टिकरिहा ने बताया कि तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार, पूर्वोत्तर और छत्तीसगढ़ सहित देश के कोने-कोने से विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और क्षेत्रों के युवा इसमें एक साथ कदमताल करेंगे। यह यात्रा प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन को धरातल पर जीवंत करेगी। श्री टिकरिहा ने कहा कि भारत में नदियाँ केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता और संस्कृति की जीवनधारा हैं। इसी महत्ता को दर्शाते हुए यात्रा के 20 अलग-अलग मार्गों (टोलियों) का नामकरण भारत की पवित्र नदियों के नाम पर किया गया है। यह यात्रा देश के 10 प्रमुख राज्यों— गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखण्ड और बिहार से होकर गुजरेगी। कुल मिलाकर यह अभियान 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गाँवों तक पहुँचकर जन-जन को सेवा के सूत्र में जोड़ेगा। श्री टिकरिहा ने छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली चार रूट्स की यात्राओं के मार्ग व इस दौरान होनो वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ के 18 राजस्व व 21 संगठन जिलों से यह यात्रा गुजरेगी।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने यात्रा के प्रतीकात्मक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वडनगर, प्रधानमंत्री मोदी के बाल्यकाल, कड़े संघर्ष और जीवन के प्रारंभिक संस्कारों की पावन भूमि है। वाराणसी, उनकी वर्तमान कर्मभूमि, संसदीय क्षेत्र और देश की आध्यात्मिक-सांस्कृतिक राजधानी है। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व सम्भालने से लेकर आज देश के प्रधानसेवक के रूप में 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में श्री मोदी ने यह सिद्ध किया है कि “पद कोई भी हो, सेवा का संकल्प सर्वोपरि होना चाहिए।” श्री टिकरिहा ने कहा कि यात्रा आस्था और संस्कृति को भी जोड़ेगी। वडनगर से चलने वाले सेवा यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे, वहीं वाराणसी से चलने वाले यात्री उत्तर प्रदेश की पावन नदियों के जल से वडनगर स्थित श्री हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। यात्रा की अनूठी पहल की जानकारी देते हुए श्री टिकरिहा ने बताया कि इस यात्रा का मूल मंत्र स्वागत-सत्कार के पारम्परिक तौर-तरीकों से एकदम अलग होगा। जिस पड़ाव पर सेवा यात्री पहुँचेंगे, वहाँ के स्थानीय भाजयुमो कार्यकर्ता दो दिन पहले ही व्यापक स्वच्छता अभियान चलाएंगे। सेवा यात्रियों का स्वागत ‘स्वच्छता और श्रमदान’ से किया जाएगा। यह प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने बताया कि यात्रा का प्रत्येक पड़ाव जनसेवा का जीवंत केंद्र बनेगा। इस दौरान लगभग 25 प्रकार के सेवा कार्य पर्यावरण संरक्षण, सफाई एवं जल संरक्षण, सामाजिक जागरुकता, स्वास्थ्य संकल्प, सम्मान कार्यक्रम आदि आयोजित किए जाएंगे। श्री टिकरिहा ने कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य सत्ता पाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा और राष्ट्र का नवनिर्माण है। वडनगर से वाराणसी की यह यात्रा देश के युवाओं को संदेश देगी कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर जागरूक नागरिक का पुनीत कर्तव्य है। छत्तीसगढ़ का युवा मोर्चा इस यात्रा के स्वागत और सेवा अभियानों को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ तैयार है।
पत्रकार वार्ता में भाजयुमो प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र देवांगन, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष अमन प्रताप, भाजयुमो प्रदेश मंत्री विशाल पांडेय, भाजयुमो मीडिया प्रभारी वासु शर्मा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी, दीक्षा अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रही।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts