रायपुर (विश्व परिवार)। त्रिपुरा तीर्थ यात्रा समिति द्वारा आयोजित “गंगा सागर तीर्थ यात्रा” के लिए आज दिनांक 18 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे रायपुर से लगभग 1000 श्रद्धालुओं का जत्था विशेष ट्रेन से तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुआ।
यात्रा का शुभारंभ छत्तीसगढ़ यादव शासकीय सेवक संघ एवं एकादश उत्थान यादव कल्याण संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार यादव, सदस्य सुश्री माधुरी यदु एवं त्रिपुरा तीर्थ यात्रा समिति के पदाधिकारियों द्वारा झंडा दिखाकर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
यह विशेष तीर्थ यात्रा 18 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक 8 दिनों की रहेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु गंगा सागर, श्री जगन्नाथ पुरी, माँ कामाख्या देवी, कोलकाता, दक्षिणेश्वर काली मंदिर, कालीघाट काली मंदिर एवं बेलूर मठ सहित विभिन्न प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।
विशेष ट्रेन रायपुर, बिलासपुर, भाटापारा एवं रायगढ़ सहित मार्ग के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं को लेकर रवाना हुई है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह एवं उमंग देखने को मिला।
इस अवसर पर श्री सुरेश कुमार यादव ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी यात्राएं धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज के लोगों के बीच आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और सेवा की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करती हैं।
त्रिपुरा तीर्थ यात्रा समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया है।







