- जन्मदिन की दी बधाई, शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की; दिल्ली दौरे में स्वास्थ्य सेवाओं और रेड क्रॉस की योजनाओं पर भी हुई चर्चा
बालोद (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष तोमन साहू ने दिल्ली प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने किरण सिंह देव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना ईश्वर से की।
तोमन साहू ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से भी मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसायटी की कार्यप्रणाली, प्रदेश में आपातकालीन एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। तोमन साहू ने रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से आम जनता तक बेहतर स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाएं पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत करने के लिए केंद्र एवं राज्य स्तर पर बेहतर समन्वय आवश्यक है। रेड क्रॉस सोसायटी आने वाले समय में जनहित से जुड़े कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।







