रायपुर (विश्व परिवार)। प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश महाराज ने धर्म को लेकर सोशल मीडिया पर की जाने वाली टिप्पणियों पर लोगों से सोच-समझकर बोलने की बात कही है। रायपुर पहुंचे इंद्रेश महाराज ने कहा कि आजकल कमेंट करना ट्रेंड बन गया है।
जब तक हम निगेटिव बोलते नहीं हैं, तब तक हमारी फेस वैल्यू नहीं बनती है। इसलिए कई बार निगेटिविटी परोसी जाती है।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के बारे में टिप्पणी करना अलग बात है, लेकिन धर्म को लेकर टिप्पणी करने से पहले लोगों को इसके बारे में विचार करना चाहिए। धर्म को लेकर किए गए कमेंट का असर कर्म पर भी पड़ता है।
इंद्रेश महाराज बोले- छत्तीसगढ़ में कथा करने में आता है आनंद
इंद्रेश महाराज सोमवार को रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि वे इससे पहले भी छत्तीसगढ़ में कथा करने आ चुके हैं, लेकिन राजधानी रायपुर में पहली बार कथा करने आए हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कथा करने में उन्हें बहुत आनंद आता है। यहां बड़ी संख्या में लोग कथा सुनने पहुंचते हैं और पूरे भक्ति भाव से कार्यक्रम में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर के लोगों में भक्ति की भावना है।







