छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर जिले में वीबी-जी राम-जी योजना को मिली रफ्तार, 74 करोड़ के 2381 कार्य स्वीकृत

  • 408 में से शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों में कार्य स्वीकृत, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, किचन शेड, आंगनबाड़ी एवं पीडीएस भवन सहित जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता

रायपुर (विश्व परिवार)। वीबी-जी राम-जी योजना के अंतर्गत रायपुर जिले में ग्रामीण विकास एवं रोजगार से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत 1 जुलाई 2026 से अब तक जिले में 2381 कार्यों के लिए करीब 74 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिले की 408 ग्राम पंचायतों में से शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों में कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजना के तहत विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। विशेष रूप से बालिका शौचालय निर्माण के 400, मुक्तिधाम निर्माण के 120 और किचन शेड के 218 कार्यों को स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी एवं पीडीएस भवन निर्माण के कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से 202 हाइटेक बकरी शेड भी स्वीकृत किए गए हैं। वहीं जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए नए तालाब निर्माण, तालाब गहरीकरण और डबरी निर्माण जैसे कार्य भी लगातार स्वीकृत किए जा रहे हैं। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि वीबी-जी राम-जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों की बुनियादी जरूरतों और भविष्य की विकास आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनसे ग्रामीणों को रोजगार के साथ स्थायी परिसंपत्तियां भी प्राप्त हों। जल संरक्षण, स्वच्छता, आजीविका संवर्धन और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का सीधा लाभ गांवों के लोगों को मिलेगा।

उन्होंने आगे बताया कि आगामी वर्ष की कार्ययोजना को लेकर 2 अक्टूबर को ग्राम सभाओं में विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने की जानकारी दी जाएगी, जिससे ग्राम पंचायतें अपनी स्थानीय आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर आगामी विकास कार्यों की योजना तैयार कर सकेंगी। इस तरह योजना के माध्यम से ग्रामीण विकास को अधिक व्यवस्थित, रोजगारपरक और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वीबी-जी राम-जी योजना 1 जुलाई 2026 से देशभर के ग्रामीण क्षेत्रों में लागू हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts