अभनपुर (विश्व परिवार)। गोबरा नवापारा के रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित पीडीएस दुकान से बुधवार सुबह निजी पिकअप वाहन में चावल लोड किए जाने का मामला सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। सुबह करीब 8 बजे कुमकुम महिला सशक्तिकरण समूह द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान से चावल निजी वाहन में लोड किए जाने की जानकारी के बाद कांग्रेसी पार्षद एवं कुछ नेता मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और चावल से लदे पिकअप को थाना परिसर में खड़ा कराया।
मामला सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि पीडीएस दुकान का चावल निजी पिकअप में किस उद्देश्य से और किस अनुमति के तहत ले जाया जा रहा था? यदि यह नियमित वितरण अथवा परिवहन की प्रक्रिया थी तो उसकी निर्धारित प्रक्रिया और दस्तावेज क्या थे? घटना के कई घंटे बाद सहायक खाद्य निरीक्षक विवेक शुक्ला एवं खाद्य निरीक्षक श्रद्धा चौहान अपने टीम के साथ थाने पहुंचे और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए।
मामले की जांच कर रही खाद्य विभाग की टीम
खाद्य विभाग मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि यह पीडीएस दुकान नगर के वार्ड क्रमांक 20 एवं 21 के हितग्राहियों के लिए संचालित है। ऐसे में दुकान से चावल बाहर ले जाने की पूरी प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता और नियमों के पालन पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि पिकअप में लोड किया जा रहा चावल किसके लिए था, कहां ले जाया जा रहा था, उसके लिए क्या अनुमति थी और पीडीएस के नियमों के तहत यह कार्रवाई वैध थी या नहीं। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी। इस मामले में फूड इंस्पेक्टर श्रद्धा चौहान ने कहा, मामले में किसी भी प्रकार की जानकारी देने के लिए सक्षम अधिकारी नहीं हूं।मामले की जांच जारी है।







