नई दिल्ली (विश्व परिवार)। 5 दिन की वर्किंग वीक समेत अन्य की मांगों को बैंक कर्मचारी 28 सितंबर से हड़ताल पर रहेंगे। 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल (bank strike) रहेगा। वहीं बैंक कर्मचारियों की 5 दिन की वर्किंग वीक की मांग को लेकर मोदी सरकार (Modi government) ने अपना रुख साफ किया है। वित्त मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने साफ कहा है कि सरकार ने बैंकों में पांच दिन कामकाज लागू करने पर कभी सहमति नहीं दी थी। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कोई समझौता नहीं हुआ था।
बता दें कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन काम और शनिवार-रविवार की छुट्टी की मांग कर रहे हैं। मौजूदा व्यवस्था में बैंक कर्मचारियों को आम तौर पर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी मिलती है। वहीं अन्य शनिवार को बैंक खुले रहते हैं। सप्ताह में दो दिन छुट्टी के पीछे बैंक यूनियनों का तर्क है कि पांच दिन कामकाज लागू होने से कर्मचारियों को बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस मिल सकता है।
वित्त मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार पांच दिन कामकाज को लेकर सरकार ने कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई है। यह मुद्दा बातचीत का हिस्सा नहीं था। कर्मचारी यूनियनों ने इसे अपनी ओर से आगे बढ़ाया है। इस बयान से बैंक कर्मचारियों और सरकार के बीच मांग को लेकर मतभेद स्पष्ट होते हैं। अब इसे लेकर बैंक यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।
बैंक ने डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल करने की सलाह दी
बैंक बंद होने से कामकाज प्रभावित हो सकता है। ग्राहकों को हड़ताल के दौरान नकद निकासी, चेक क्लियरेंस और अन्य शाखा संबंधी सेवाओं में देरी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, एटीएम, यूपीआई और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। बैंक ने ग्राहकों को जरूरी लेनदेन पहले पूरा करने और डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
इस रविवार खुले रहेंगे देश के सभी बैंक
बैंक यूनियनों की ओर से तीन दिन की बैंक हड़ताल के मद्देनजर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। 28 से 30 सितंबर की बैंक हड़ताल से पहले बड़ी राहत देते हुए 27 सितंबर 2026 रविवार को देश के सभी सार्वजनिक बैंक और करेंसी चेस्ट खोलने का ऐलान किया है। सरकार के इस फैसले को रिजर्व बैंक (RBI) ने भी मंजूरी दे दी है। रविवार को बैंकों की सभी शाखाएं, दफ्तर और एटीएम पूरी तरह काम करेंगे ताकि लोग अपने जरूरी काम निपटा सकें।







