रायपुर (विश्व परिवार)। पार्षद इकराम अहमद ने बताया की बिरगांव नगर निगम के वार्ड क्रमांक 28 स्थित आंगनबाड़ी भवन में 5 वार्डो के नौ आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व पालिका अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश देवांगन सहित वार्ड के जनप्रतिनिधि एवं पार्षद, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन बहनें, हितग्राही एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म पूरी की गई तथा उन्हें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों द्वारा बनाई गई सुंदर रंगोलियों के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
वहीं बच्चों के लिए खीर, पूरी सहित विभिन्न व्यंजनों का न्योता भोज आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के लिए निरंतर सेवाएं देने वाली सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन बहनों का सम्मान किया गया। उपस्थित अतिथियों ने उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती माताओं एवं बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन बहनों के योगदान को सम्मानित करना रहा।







