रायपुर (विश्व परिवार)। एनटीपीसी नवा रायपुर में 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कार्यकारी निदेशक (प्रचालन सेवाएं) अजय शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने गांधी जी एवं शास्त्री जी को पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत हुई चित्रकला और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस वर्ष की थीम ‘स्वच्छता में सहयोग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के अनुरूप एनटीपीसी नवा रायपुर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें स्वच्छता शपथ, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, हाउसकीपिंग स्टाफ के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता, हाउसकीपिंग स्टाफ का सम्मान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधरोपण अभियान और ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान पहल शामिल रही।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (प्रचालन सेवाएं-आर एंड एम) विद्या नंद झा, कार्यकारी निदेशक (यूएसएससी) हर्ष आहूजा सहित मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक, अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।







