रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के दिशा-निर्देश के अनुसार महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र के सभी 10 जोनों में विभिन्न बाजारों, उद्यानों, मुक्तिधामों और तालाबों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, वार्ड पार्षद, निगम अधिकारी-कर्मचारी और नागरिकों ने मिलकर श्रमदान किया। सफाई के साथ कचरा उठाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवेश का संदेश दिया गया।
नगर निगम जोन-1 अंतर्गत वीर शिवाजी वार्ड के खमतराई बाजार में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर साहू, जोन अध्यक्ष गज्जू साहू, पार्षद अंबिका साहू, महेश ध्रुव, राजेश कुमार देवांगन, एल्डरमैन बी. श्रीनिवास राव सहित जोन अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने खमतराई बाजार में झाड़ू लगाकर सफाई की।
जोन-3 अंतर्गत मदर टेरेसा वार्ड क्रमांक 47 के महाराणा प्रताप उद्यान, श्याम नगर में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया गया। नगर निगम जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष साहू, जोन अध्यक्ष साधना साहू, आयुक्त संबित मिश्रा, अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने श्रमदान कर उद्यान परिसर की सफाई की।
जोन-10 के वार्ड क्रमांक 49 स्थित पुरैना मुक्तिधाम में भी स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान किया गया। अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू और विनोद पाण्डेय ने जोन अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों के साथ मिलकर कचरा उठाया और परिसर की सफाई की।
जोन-5 के मुकुट नगर उद्यान, जोन-6 के बंधवा तालाब और जोन-7 के शहीद चुड़ामणि वार्ड क्रमांक 37 स्थित कारी तालाब में भी श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया गया। कारी तालाब में एमआईसी सदस्य दीपक जायसवाल एवं भोलाराम साहू ने जोन कमिश्नर, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के साथ मिलकर सफाई की।
जोन-8 के वार्ड क्रमांक 2 स्थित बड़ा तालाब सोनडोंगरी की सफाई पार्षद भगतराम हरबंश ने जोन कमिश्नर, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों के साथ मिलकर की। इसी जोन के हीरापुर टेंगना तालाब और वार्ड क्रमांक 21 के टाटीबंध छुईया तालाब में भी श्रमदान कर सफाई की गई। ज्ञान भारती हायर सेकेंडरी स्कूल, हीरापुर के विद्यार्थियों ने स्वच्छता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया और हीरापुर टेंगना तालाब में श्रमदान किया।
जोन-9 क्षेत्र में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने शीतला तालाब, सड्डू में श्रमदान कर सफाई की। इस दौरान नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।







