रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उन्हें प्रदेश की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा है कि यह 25 वर्ष निरंतर सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी यह यात्रा आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर आगे बढ़ रही है। श्री नेताम ने कहा कि इन 25 वर्षों में राजनीति को केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और परिवर्तन का जरिया बनाया गया है।
प्रदेश के कृषि मंत्री श्री नेताम ने सोमवार को यहाँ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए श्री मोदी के छत्तीसगढ़ से विशेष अपनत्व और अंत्योदय के विजन की चर्चा की। श्री नेताम ने बताया कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ के साथ गहरा और आत्मीय रिश्ता रहा है। संगठन के दायित्वों के दौरान उन्होंने बस्तर जैसे सुदूर वनांचलों का व्यापक प्रवास किया और मुख्यमंत्री के रूप में भी छत्तीसगढ़ के साथ विकास अनुभवों का आदान-प्रदान बनाए रखा। केंद्र सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर काम करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया है।
गरीब कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और सशक्तीकरण
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के लगभग 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लगभग 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न दिया जा रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों को खाद्य सुरक्षा मिली है। श्री नेताम ने कहा कि जनधन योजना से करोड़ों गरीबों के बैंक खाते खुले, जिससे डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई और पारदर्शिता आई। ‘उज्ज्वला योजना’ से छत्तीसगढ़ की 39.54 लाख महिलाओं को धुएँ से मुक्ति मिली है। ‘जल जीवन मिशन’ के तहत प्रदेश के 41 लाख 50 हजार ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुँचाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
स्वास्थ्य सुरक्षा : आयुष्मान भारत
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार सुरक्षा कवच दिया गया है, जिसका विस्तार अब 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए (आय सीमा के बंधन के बिना) कर दिया गया है। नए मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं व चिकित्सा शिक्षा में बड़ा सुधार हुआ है।
स्वरोजगार और नवाचार
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि मुद्रा योजना, कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया और पीएम विश्वकर्मा योजना से युवाओं व पारम्परिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
किसानों की समृद्धि और कृषि विकास
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि प्रदेश के 25 लाख 51 हजार किसानों के खातों में 11 हजार 277 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान निधि सीधे अंतरित की जा चुकी है, जिससे उन्हें खाद, बीज और कृषि कार्यों में सीधी आर्थिक सहायता मिल रही है। इसी प्रकार सिंचाई विस्तार, आधुनिक तकनीक, फसल बीमा और किसान पंजीयन से खेती व्यवस्थित हुई है। धान उत्पादन और खरीदी में विशिष्ट पहचान रखने वाले छत्तीसगढ़ के किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन लगभग 1,600 पक्के आवासों का निर्माण किया जा रहा है। 30 मार्च 2025 को प्रधानमंत्री जी ने स्वयं 3 लाख हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में सहभागिता की। 1 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 3 लाख 51 हजार आवासों का गृह प्रवेश संपन्न हुआ और तीन लाख लाभार्थियों के लिए 1,200 करोड़ रुपये की किश्त जारी की गई।
जनजातीय गौरव और सर्वांगीण विकास
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गाँवों में समग्र विकास (सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि) का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के 56 हजार से अधिक परिवारों तक बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाई गई हैं। भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का राष्ट्रीय सम्मान दिया गया। वन धन केंद्रों के माध्यम से लघु वनोपज का मूल्य संवर्धन कर वनाश्रित परिवारों की आय बढ़ाई जा रही है। जनजातीय संग्रहालयों के माध्यम से समृद्ध संस्कृति को संरक्षित किया जा रहा है।
नक्सलवाद का खात्मा और शांति की स्थापना
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि केंद्र की ‘राष्ट्रहित सर्वोपरि’ और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति (सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिन्दूर) के तहत आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ किया गया। प्रधानमंत्री श्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ सहित पूरा देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ। बस्तर में ‘नियद नेल्लानार’ योजना से सुरक्षा कैंपों के आसपास के सुदूर गाँवों तक राशन, बिजली, पानी, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाई जा रही हैं। बस्तर पण्डुम और बस्तर ओलंपिक्स जैसे आयोजनों ने स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दी है तथा चित्रकोट जलप्रपात व प्राकृतिक सम्पदा से पर्यटन एवं रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है।
बुनियादी ढाँचा, कनेक्टिविटी और औद्योगिक प्रगति
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि राज्य में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नई रेल लाइनों, दोहरीकरण और फ्लाईओवरों का निर्माण जारी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। रायपुर-विशाखापट्टनम मार्ग, रायपुर-दुर्ग बायपास और पत्थलगाँव-कुनकुरी से झारखण्ड सीमा तक 3,150 करोड़ रुपये के फोर-लेन मार्ग जैसी परियोजनाओं से आवागमन सुगम हुआ है। रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर और अम्बिकापुर से हवाई संपर्क को सुदृढ़ किया गया है।
विकास महापरियोजनाएँ
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि 24 फरवरी 2024 को “विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़” के तहत 34,400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं (लारा ताप विद्युत परियोजना आदि) का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ। 30 मार्च 2025 को बिलासपुर में 33,700 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी गई। 1 नवंबर 2025 को रजत महोत्सव पर 14,260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं सहित नए विधानसभा भवन और जनजातीय संग्रहालय का उद्घाटन हुआ।
शिक्षा व उद्योग
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि 29 जिलों के 130 ‘पीएम श्री’ स्कूलों का उन्नयन और रायपुर में ‘विद्या समीक्षा केंद्र’ समर्पित किया गया। नवा रायपुर में फार्मास्यूटिकल पार्क, स्मार्ट औद्योगिक क्षेत्र तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से निवेश व स्वच्छ ऊर्जा को नई गति मिल रही है।
सेवा संकल्प अभियान और जनभागीदारी
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को शत-प्रतिशत पात्र परिवारों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री जी के 25 वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में 1.5 करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर आशीर्वाद व्यक्त किया गया। अकेले रायपुर में 25 लाख से अधिक दीये जलाए गए, जो ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज हुआ। नक्सलमुक्त बस्तर के सात जिलों में शहीदों की स्मृति में कांकेर से लेकर सुकमा और करेंगुट्टा पहाड़ियों तक दीप जलाए गए। ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर चित्रकला, रंगोली, भाषण प्रतियोगिताएं और जल व पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियाँ जनभागीदारी से आयोजित की जा रही हैं।
कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि “विकसित भारत” के निर्माण में “विकसित छत्तीसगढ़” की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करते हुए हम सेवा, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर निरंतर अग्रसर रहेंगे।
इस दौरान पत्रकार वार्ता में विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग मौजूद रहे।







